चंडीगढ़ में खूब बरसे मेघा, मानसून सीजन का 82 प्रतिशत कोटा पूरा
चंडीगढ़ में मानसून ने 700 एमएम बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है जो सामान्य से 82% अधिक है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी दी है जिससे तापमान में गिरावट आएगी। सुखना लेक का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण कभी भी फ्लड गेट खोले जा सकते हैं प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में रविवार सुबह से रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। मानसून सीजन का 82 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है और अगले तीन दिन अभी वर्षा का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस मानसून सीजन में 700 मिलीमीटर बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है। औसतन 845 एमएम बारिश होती है।
अभी अगले डेढ़ महीने बारिश का दौर रहने वाला है। रविवार सुबह से हो रही वर्षा के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्षा के दौरान राक गार्डन में एक वर्षों पुराना पेड़ गिर गया।
जलस्तर बढ़ा, सुखना लेक के फ्लड गेट खोले
रविवार सुबह तेज बारिश के बाद सुखना लेक का जलस्तर 1163 फीट के पास पहुंच गया। जिसे खतरे के निशान से ऊपर माना जाता है। इसके बाद तुरंत इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट की टीम हरकत में आई और इसके फ्लड गेट खोल दिए। शाम तक लेक से सुखना चो जरिए घग्गर नदी में पानी छोड़ा गया।
फ्लड गेट खोलने से पहले सुखना चो के साथ लगते सभी आबादी एरिया में अलर्ट जारी किया गया। मोहाली और पंचकूला प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी गई। किशनगढ़, बापूधाम सेक्टर-26 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सुखना चो के पुल पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। हालांकि पानी छोड़ने के लिए तीनों गेट नहीं खोले गए हैं।
गेट कम खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है जिससे आगे पुल से टकराव न हो और आबादी एरिया में पानी न घुसे। दोपहर बाद शहर में भले ही बारिश थम गई लेकिन शिवालिक की पहाड़ियों में हो रही बारिश से सुखना कैचमेंट होते हुए पानी लगातार लेक में पहुंच रहा है। इस वजह से लेक का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी कर रखा है। रविवार रात को भी बारिश जोर से हो सकती है। इस वजह से फ्लड गेट खोले रखे जा सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।