Haryana Politics: जजपा संसदीय बोर्ड की घोषणा, अजय चौटाला होंगे चेयरमैन; 5 राज्यों में नए अध्यक्ष नियुक्त
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए संसदीय बोर्ड का गठन किया है। पार्टी ने पांच राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है जिनमें राजस्थान दिल्ली उत्तर प्रदेश गुजरात और पंजाब शामिल हैं। हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी में भी कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब जेजेपी का कोई विधायक या सांसद नहीं है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी ने संगठन निर्माण की कड़ी में शुक्रवार को संसदीय बोर्ड का गठन किया है। साथ ही जेजेपी ने पांच राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष और हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी के पांच वरिष्ठ पदाधिकारियों की नियुक्तियों की सूची जारी की है।
जेजेपी ने संसदीय बोर्ड का गठन उस स्थिति में किया है, जब पार्टी का न तो कोई विधायक है और न ही कोई सांसद है। साल 2024 के चुनाव में जजपा के सारे उम्मीदवार चुनाव हार गए थे, जबकि 2019 के चुनाव में जजपा के 10 विधायक चुनाव जीतकर आए थे।
जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व में जेजेपी के संसदीय बोर्ड में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, पूर्व विधायक गंगाराम, शीला भ्याण, राज सिंह दहिया, राजेश सूटा, कृष्ण प्रजापत गंगवा एवं सभी प्रदेश अध्यक्षों को सदस्य बनाया गया है। जेजेपी ने राजस्थान में पृथ्वीराज मील, दिल्ली में दिनेश डागर, उत्तर प्रदेश में चौधरी महेंद्र सिंह, गुजरात में बच्चन सिंह गुर्जर और पंजाब में संदीप न्यौल को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी हैं।
इनके अलावा हरियाणा की प्रदेश कार्यकारिणी में ऋषिराज राणा और रणदीप कौल को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया हैं। प्रदेश संगठन सचिव के पद पर राजेश भारद्वाज को नियुक्त किया गया है। अंजनी लडा को प्रदेश कोषाध्यक्ष और वीरेंद्र चौधरी को जेजेपी के प्रदेश प्रचार सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।