Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana Politics: कांग्रेस हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए जिलाध्यक्षों की लेगा राय, वोटिंग भी हो सकती है

    Updated: Sun, 07 Sep 2025 07:23 PM (IST)

    कांग्रेस हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष के चयन में जुटा है जिसके लिए कई दावेदार हैं। जिलाध्यक्षों की सहमति से नाम पर मुहर लगेगी आवश्यकता होने पर वोटिंग भी हो सकती है। राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को महत्व देने की बात कही है। 20 सितंबर तक संभावित पदाधिकारियों के नाम भेजे जाएंगे। पार्टी मुख्यालय ने जातीय संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं और गुटबाजी करने वाले जिलाध्यक्षों को चेतावनी दी है।

    Hero Image
    कांग्रेस हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए जिलाध्यक्षों की लेगा राय। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो,  नई दिल्ली/पंचकूला। संगठन सृजन अभियान की एक सीढ़ी पार करने के बाद कांग्रेस हाईकमान अब प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को पूरी करने में लग गया है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए छह से अधिक दावेदार हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जिलाध्यक्ष चुनने की तरह ऐसे नाम पर मुहर लगाएगा जो पार्टी को गुटबाजी से बाहर निकालकर पार्टी लाइन पर आगे बढ़े और संगठन को मजबूत करे। इसके लिए जिलाध्यक्षों की सहमति ली जाएगी।

    जरूरत पड़ी तो प्रदेश अध्यक्ष के नाम के लिए वोटिंग भी कराई जा सकती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी जिलाध्यक्षों को इतना महत्व देगी कि उनसे लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार चुनने के समय राय ली जाएगी। शर्त यह भी है कि खुद किसी चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए जिलाध्यक्ष को पार्टी हाईकमान को कम से कम एक साल पहले बता कर पद छोड़ना पड़ेगा।

    जिलाध्यक्षों को जिला कार्यकारिणी के सदस्य तथा पदाधिकारी चुनने के लिए एक माह का समय दिया गया है। गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में इसके लिए जिलाध्यक्ष बैठक भी कर चुके हैं। 20 सितंबर तक संभावित पदाधिकारियों के नाम पार्टी मुख्यालय को भेज दिए जाएंगे। कार्यकारिणी के बल पर ही जिलाध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अपने वीटो पावर का प्रयोग करेंगे।

    कार्यकारिणी को बनाने में जातीय संतुलन बनाने पर जोर देने के निर्देश जिलाध्यक्षों को पार्टी मुख्यालय की ओर से पहले ही दिए जा चुके हैं। कुछ जिलाध्यक्ष ऐसे हैं, जिनकी शिकायत पार्टी हाईकमान को कर दी गई है। उन पर आरोप है कि वे कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों के बावजूद गुटबाजी में फंसे हुए हैं और अपनी पसंद के नेताओं को ही कार्यक्रमों में बुला रहे हैं।

    इससे दूसरे पक्ष के नेता को गुटबाजी को हवा देने का मौका मिल रहा है। ऐसे जिलाध्यक्षों को फिलहाल पार्टी प्रभारी ने कड़ी चेतावनी दी है, जो कि पार्टी लाइन से अलग होकर काम कर रहे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि संगठन विस्तार की प्रक्रिया चल रही है।

    जल्दी ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चल रही संगठन सृजन की मुहिम पर राहुल गांधी खुद नजर बनाए हुए हैं।

    comedy show banner
    comedy show banner