Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा की सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, सीएम भगवंत मान ने किया एलान

    Updated: Thu, 18 Jul 2024 01:43 PM (IST)

    लोकसभा चुनाव के बाद राजनीतिक दल और नेता हरियाणा मे विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इस बाबत पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात की घोषणा की।

    Hero Image
    Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान फाइल फोटो (जागरण न्यूज)

    पीटीआई, चंडीगढ़। अक्टूबर में हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी घोषणा की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक नेशनल पार्टी बन चुकी है। जब से हमने गुजरात में 14 फीसदी वोट हासिल किए हैं, तब से आधिकारिक रूप से चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को नेशनल पार्टी बना दिया है। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ दस सालों में राष्ट्रीय पार्टी बनी है। दो राज्यों में हमारी सरकार है और विभिन्न राज्यों में विधायक हैं।

    दिल्ली और पंजाब को टच करता है हरियाणा: भगवंत मान

    उन्होंने कहा कि क्योंकि दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है। आधा हरियाणा पंजाब से टच करता है और आधा दिल्ली से। जब हमने रोहतक, जिंद जैसी जगहों पर विजिट किया तब देखा कि जनता बदलाव लाना चाहती है। उनका मानना है कि हरियाणा में उनके साथ किसी ने वफा नहीं की, जो भी आया उसने लुटा। 

    लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है और सबसे बड़ी बात यह है कि केजरीवाल साहब हरियाणा से बिलोंग करते हैं। लोग आशा कर रहे हैं कि जब केजरीवाल ने देश की राजनीति बदल दी है तो हरियाणा में बदलाव क्यों नहीं। इस बीच भगवंत मान ने एक स्लोगन भी दिया- 'बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल'

    आम चुनाव में हुआ था गठबंधन

    आम चुनाव में हरियाणा में इंडी गठबंधन ने एक साथ चुनाव लड़ा था। प्रदेश की 10 सीटों पर नौ पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि एक सीट कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार के रूप में सुशील गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारा था।

    प्रदेश में कांग्रेस ने पांच सीटों पर कब्जा जमाया था, जबकि अन्य सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी। कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील गुप्ता को भाजपा के नवीन जिंदल से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

    हरियाणा में आम आदमी पार्टी को हार मिली। इसे लेकर हरियाणा आप के उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ ताकतों ने प्रयास किया है कि आम आदमी पार्टी की भ्रूण हत्या कर दी जाए।

    यह भी पढ़ें- Punjab News: तरन‍तारन में BSF के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, गोला बारूद सहित कई चाइनीज हथियार बरामद; सर्च ऑपरेशन जारी