विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ट्राईसिटी में बाढ़ का खतरा: घग्गर, पटियाला की राव और सुखना चौ के तटबंध टूटने का डर, अगले तीन दिन अलर्ट

Published: Wed, 03 Sep 2025 01:25 PM (IST)Updated: Wed, 03 Sep 2025 01:32 PM (IST)

पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार वर्षा से ट्राईसिटी में जनजीवन प्रभावित हुआ है। चंडीगढ़ पंचकूला और मोहाली में ...और पढ़ें

घग्गर के तटबंध टूटे तो पंचकूला, मोहाली और चंडीगढ़ में मचाएगी तबाही।
घग्गर के तटबंध टूटे तो पंचकूला, मोहाली और चंडीगढ़ में मचाएगी तबाही।

HighLights

  1. चंडीगढ़ में स्कूलों की छुट्टियां 7 सितंबर तक बढ़ाई।
  2. पंचकूला में सुबह 7 बजे स्कूल बंद करने का आदेश।
  3. घग्गर का पानी पंचकूला, मोहाली और चंडीगढ़ में मचा सकता है तबाही
  4. प्रशासन की लोगों से अपील, नदियों के पास घर खाली कर दें।

 जागरण टीम, चंडीगढ़। पिछले तीन दिन से वर्षा का दौर जारी है। बुधवार को हुई मूसलाधार वर्षा से ट्राईसिटी (चंडीगढ़-पंचकूला-मोहाली) में जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। सड़कों पर जलभराव होने से लोग जाम में फंसे रहे। चंडीगढ़ में सुखना लेक, पंचकूला और मोहाली में घग्गर नदी, मोहाली के नया गांव में पटियाला की राव नदी समेत शहर से गुजरते नालों में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। पानी का बहाव तेज होने पर तटबंध टूटने का डर है, जिससे भारी नुकसान हो सकता है। प्रशासन ने अगले तीन दिन के लिए अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन ने सतर्कता बरते हुए चंडीगढ़ में पहले ही स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी थी, जिसे बढ़ाकर अब सात सितंबर तक कर दिया गया है। पंचकूला में भी सुबह 7 बजे जिला उपायुक्त ने छुट्टी की घोषणा कर दी। स्कूलों की तरफ सूचना में देरी की वजह से बच्चे स्कूल पहुंचे। सुबह  स्कूल भी खुले। इसी दौरान सेक्टर-4 में एक प्राइवेट स्कूल के बाहर स्कूली बच्चों से भरी कार पर अचानक भारी भरकम पेड़ गिरा। इस घटना में कार में सवार 6 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा होने के बाद ने सख्ती दिखाई तो 11 बजे सभी स्कूलों को छुट्टी करनी पड़ी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। नदी और नालों के किनारों पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। लोगों के पास जाने पर पाबंदी है। मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। अगले तीन दिन बारिश का दौर ऐसे ही रहने का पूर्वानुमान है।

मोहाली में अब तक की स्थिति

मोहाली जिले में अब तक लगभग 7000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जयंती माजरी, गुड़ा, कसौली, करौंदेवाल और भगिंडी जैसे पांच गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचाई जा रही है।

नयागांव और पीजीआई में मंडराया बाढ़ का खतरा

नयागांव में भी बाढ़ का खतरा मंडरा गया है। शिवालिक की पहाड़ियों से निकलने वाली पटियाला की राव नदी उफान पर है। पानी के तेज बहाव से पटियाला की राव नदी ने सड़क में कटाव हुआ। 20 फुट की सड़क 3 फुट की रह गई है। पानी का बहाव कम न हुआ तो पटियाला की राव नदी सड़क की मिट्टी को काटकर नयागांव में घुस सकती है। इसकी वजह से कुमाऊं कालोनी, दशमेश नगर, विकास नगर सहित कई अन्य इलाकों में भारी नुकसान की संभावना है। नदी के पानी से चंडीगढ़ सेक्टर-12 स्थित पीजीआई में भी काफी नुकसान हो सकता है।

मुबारकपुर पुल बंद किया गया

डेराबस्सी के मुबारकपुर पुल से पानी बहने की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन ने एहतियातन इस पुल को बंद कर दिया है। पुल के दोनों ओर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं ताकि कोई व्यक्ति पुल पार न कर सके और किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

चंडीगढ़ में सड़कों पर जलभराव, अंडरपास बंद करने पड़े

बारिश के कारण चंडीगढ़ में जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हुआ है। सुखना चो और घग्घर नदी के तटबंध टूटने का डर भी सताने लगा है। प्रशासन की टीमें अलर्ट पर रहते हुए लगातार निगरानी कर रही हैं। बारिश के बाद पूरे शहर में जलभराव है। सभी अंडरपास बंद करने पड़े हैं। किशनगढ़, बापूधाम और इंडस्ट्रियल एरिया सुखना चो पर पुल बंद करने पड़े हैं। इससे मध्य और दक्षिण मार्ग पर भयंकर जाम की स्थिति बन है।

जलभराव में सड़कों पर काफी वाहन खराब भी हो गए। कई जगह घरों में पानी घुसने से लोग परेशान हैं। बारिश से शहर में कई जगह पेड़ गिरने की सूचना है। सेक्टर 9 गुरुद्वारे के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया। गनीमत रही कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। मंगलवार को सेक्टर 9 मध्य मार्ग पर पिलखन का बड़ा पेड़ गिरा था।

बापू धाम कालोनी के पास पुल के ऊपर से बह रहा पानी

शहर की लाइफलाइन सुखना लेक अब ट्राइसिटी के लिए मुसीबत बन गई है। सात बार फ्लड गेट खोलकर सुखना का पानी छोड़े जाने के बाद भी यह लबालब है। शिवालिक की पहाड़ियों में भारी बारिश से पानी लगातार तेज बहाव के साथ सुखना लेक में पहुंच रहा है, जिससे इसका जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर पहुंच रहा है। बुधवार को भी लेक के दोनों फ्लड गेट खोलने पड़े। मनीमाजरा इंदिरा कॉलोनी में ट्यूबवेल में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम काबू पाने में जुटी है। सेक्टर-26 में बापू धाम कालोनी के पास पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। यहां से रास्ता बंद कर दिया गया है।