विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Farmers Protest: चंडीगढ़ कूच के लिए निकले किसानों को पुलिस ने रास्ते में रोका, बॉर्डर सील; हिरासत में कई नेता

By Agency Edited By: Rajiv Mishra
Published: Wed, 05 Mar 2025 11:09 AM (IST)Updated: Wed, 05 Mar 2025 01:40 PM (IST)

Kisan Andolan in Chandigarh संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने आज चंडीगढ़ में आंदोलन का एलान किया है। चंडीगढ़ की ओर ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में आज किसानों ने किया है धरने का एलान
चंडीगढ़ में आज किसानों ने किया है धरने का एलान

एएनआई, चंडीगढ़। Farmers Protest Chandigarh LIVE संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने आज चंडीगढ़ में आंदोलन करने का एलान किया है। चंडीगढ़ पहुंचने से पहले पुलिस ने किसानों को रोक लिया है। आंदोलन के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया है, जिसके कारण जीरकपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर भीषण जाम लग गया है। कई जगहों पर पुलिस वाहनों की चेकिंग भी कर रही है।

हिरासत में लिए नेताओं को चौकी ले गई पुलिस

भारतीय किसान यूनियन एकता उगरहां ब्लॉक, डेराबस्सी जिला, मोहाली के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया और लेहली चौकी ले जाया गया।

हिरासत में लिए गए जोगिंदर सिंह उगराहां

भारतीय किसान यूनियन उगरांहा के प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां को संगरूर पुलिस ने हिरासत में लिया। बताया जाता है कि वह संगरूर के गांव घराचों के रास्ते से होते हुए चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे, जिन्हें रास्ते में पकड़ कर हिरासत में लिया गया।

पंजाब से आने वाली गाड़ियों की हो रही है जांच

चंडीगढ़ मुल्लापुर बैरियर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पंजाब की तरफ से आने वाली हर गाड़ी की जांच कर ही उसे चंडीगढ़ के अंदर जाने दिया जा रहा है।

'पंजाब पूरी तरह से शांतिपूर्ण'

चंडीगढ़ की ओर मार्च निकाले जाने पर रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। किसान जहां भी आए हैं, उस क्षेत्र की पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया है। वे वहां शांतिपूर्वक बैठे हैं। पूरे पंजाब में यातायात सामान्य है। उन्हें किसी भी कीमत पर चंडीगढ़ नहीं आने दिया जाएगा। हमारे पास कड़ी सुरक्षा है।

मुक्तसर के किसानों को भी रोका

मुक्तसर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए किसान पुलिस ने बठिंडा रोड गांव भलाईआना में रोक रखे हैं। पुलिस किसानों को आगे नहीं बढ़ने दे रही है।

पटियाला में भी कड़ी सुरक्षा

पटियाला में पुलिस ने किसानों के चंडीगढ़ में (Kisan Andolan in Chandigarh) पक्का मोर्चा लगाने की घोषणा के चलते सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए हैं ताकि किसान चंडीगढ़ ना पहुंचे सकें। ‌

गाड़ियों की हो रही है जांच

चंडीगढ़ मुल्लापुर बैरियर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पंजाब की तरफ से आने वाली हर गाड़ी की जांच कर ही उसे चंडीगढ़ के अंदर जाने दिया जा रहा है।

किसान नेता पंढेर ने कही ये बात

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आज चंडीगढ़ की ओर मार्च पर किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि हमारे करीब 18 जिलों में कार्यक्रम होंगे। अकेले अमृतसर में 21 जगहों पर हम भगवंत मान के पुतले जलाएंगे। आज का कार्यक्रम पूरे पंजाब में सैकड़ों जगहों पर किया जाएगा।

एसकेएम की पंजाब यूनियन के नेता को किसान मजदूर मोर्चा के नेतृत्व के साथ हिरासत में लिया गया है। आज का आंदोलन किसानों के मानवाधिकार उल्लंघन के खिलाफ है। यह शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। हम मांग करते हैं कि गिरफ्तार किए गए सभी किसानों को रिहा किया जाए।

'ऐसा सीएम पहली बार देखा...'

किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता गुरबचन सिंह छाबा ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार किसानों के साथ बैठक छोड़कर चली गई। हमने ऐसा सीएम पहली बार देखा है, जो किसानों के साथ बैठक बीच में छोड़कर चला जाता है। कोई ऐसा जो किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी करवाता है, उन्हें उनके घरों में नजरबंद करता है और कुछ अन्य को पुलिस स्टेशनों पर हिरासत में लेकर उन्हें गिरफ्तार करवाता है।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार किसानों के मानवाधिकारों का उल्लंघन करने के लिए केंद्र के हाथों में खेल रही है। लोग इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। हम भगवंत मान का पुतला जलाएंगे।

उन्होंने कहा कि हम मांग करेंगे कि किसानों को विरोध करने की अनुमति दी जाए और उनकी मांग पूरी की जाए। हमारी मांगें गैरकानूनी नहीं हैं...हम इस सरकार की निंदा करते हैं। हमारा विरोध हमेशा शांतिपूर्ण होता है।

चंडीगढ़ के बॉर्डर पर पुलिस तैनात

किसानों द्वारा चंडीगढ़ की ओर मार्च निकाले जाने पर चंडीगढ़ की एसपी गीतांजलि खंडेलवाल ने कहा कि हमने चंडीगढ़ की सभी सीमाओं पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया है, बैरिकेडिंग की गई है। सभी स्थानों पर कड़ी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि हम सभी रूट डायवर्जन के लिए प्रयास कर रहे हैं और लोगों को कम से कम असुविधा हो। लेकिन जहां भी हमें संदेह है कि हमारी जांच के कारण ट्रैफिक जाम हो सकता है, हमने ट्रैफिक रूट डायवर्ट कर दिया है।