'किसानों की खुशी के लिए वापस ली लैंड पूलिंग पॉलिसी', पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा का बयान
पंजाब सरकार ने किसानों के हित में लैंड पूलिंग पॉलिसी को रद्द कर दिया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि किसानों की खुशी सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने किसानों के लिए कई कल्याणकारी कार्य किए हैं जिनमें हर खेत तक पानी पहुँचाना और दिन में बिजली प्रदान करना शामिल है। सरकार किसानों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब सरकार द्वारा सोमवार को लैंड पूलिंग पॉलिसी रद्द करने के फैसले पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुडियां ने कहा कि हमारे लिए पॉलिसी से ज्यादा अपने किसानों की खुशी और उनकी संतुष्टि ज्यादा महत्वपूर्ण है।
हरपाल चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरू से किसान हितैषी पार्टी रही है। किसानों के फायदे के लिए ही आप सरकार पंजाब में लैंड पुलिंग पॉलिसी लेकर आई थी, लेकिन यह पसंद नहीं आई इसलिए हमने बिना देर किए यह प्रस्ताव वापस ले लिया। हमारा मकसद किसानों का आर्थिक विकास और खुशहाली है।
मुंडिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद किसान परिवार से हैं। उन्होंने पिछले तीन साल में किसानों की सुविधा के लिए हर खेत तक पानी पहुंचाने का सफल प्रयास किया है। वहीं पहले जो खेती के लिए 8 घंटे बिजली रात और दिन दोनों समय आती थी, हमने उसको सिर्फ दिन मे किया, ताकि किसानों को रात के झंझटों से मुक्ति मिले।
पिछले कुछ दिनों के दौरान राज्य के किसानों की प्रतिक्रिया देखने के बाद हमने यह नोटिफिकेशन रद्द करने का फैसला किया। हम नहीं चाहते कि सरकार की कोई योजना के कारण हमारे किसानों को कोई तकलीफ़ हो। आम आदमी पार्टी शुरू से किसानों के साथ डटकर खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।