Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जल्‍द होगा चरणजीत सिंह चन्‍नी की कैबिनेट का विस्‍तार, नए मंत्रियों पर चर्चा के लिए दिल्‍ली दौरे पर पंजाब सीएम

    Charanjit Singh Channi New Cabinet पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी जल्‍द ही अपनी कैबिनेट का विस्‍तार करेंगे। कैबिनेट में नए मंत्रियों को शामिल करने के बारे में विचार-विमर्श के लिए सीएम चन्‍नी दिल्‍ली गए हैं। वह हाईकमान सहित केंद्रीय नेताओं से इस बारे में चर्चा करेंगे।

    By Sunil Kumar JhaEdited By: Updated: Tue, 21 Sep 2021 01:41 PM (IST)
    Hero Image
    चरणजीत सिंह चन्‍नी दिल्‍ली रवाना होने से पहले सुखजिंदर सिंह रंधावा, नवजोत सिद्धू के साथ। (सिद्धू के टिृवटर पेज से)

    चंडीगढ़, राज्‍य ब्‍यूरो। Charanjit Singh Channi New Cabinet : पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी जल्‍द ही अपनी कैबिनेट का विस्‍तार करेंगे। इसके लिए उन्‍होंने विचार-विमर्श कर रहे हैं। वह नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल करने के लिए आज दिल्ली गए हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा व ओपी सोनी भी हैं। मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी हुसन लाल भी साथ गए हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बता दें कि चरणजीत सिंह चन्‍नी ने सोमवार को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी साेनी ने भी शपथ ग्रहण की थी। दोनों को उपमुख्‍यमंत्री बनाया गया है। अभी रंधावा और सोनी के विभाग तय नहीं किए गए हैं। इस बीच सोमवार रात सीएम चन्‍नी ने कैबिनेट की बैठक भी की। करीब तीन घंटे चली इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

    चन्‍नी कैबिनेट में मंत्रियों को लेकर कल से ही कयासबाजी चल रही है। मंत्री पद के दावेदार अपने लिए लाबिंग में भी जुट गए हैं। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह कैबिनेट के कई मंत्रियों को दोबारा इस सरकार में लेने की संभावना नहीं है। नए चेहरों में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग सहित कई नामों की चर्चा है। 

    सीएम चन्‍नी दिल्‍ली में पार्टी के राष्‍ट्रीय नेताओं से नए मंत्रियों से चर्चा करने के साथ संभावना है कि पार्टी की राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से भी चर्चा करेंगे। सोनिया, राहुल और प्रियंका अभी शिमला में हैं तो  माना जा रहा है कि उनसे चन्‍नी वीडियो कान्‍फ्रेंसिंग से बात करेंगे। दिल्‍ली में चन्‍नी अपने दोनों उपमुख्‍यमंत्रियों के साथ पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत सहित कई नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

    दूसरी ओर , पंजाब में नई सरकार की कैबिनेट को लेकर चर्चाओं व कयासबाजी का दाैर तेज हो गया है। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की सरकार में नंबर दो पर रहे ब्रह्म मोहिंदरा उपमुख्‍यमंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज बताए जा रहे हैं और ऐसे में उनके सीएम चरणजीत सिंह चन्‍नी की कैबिनेट में शामिल होने की संभावना बहुत कम है।