पंजाब के पूर्व DIG भुल्लर की मुश्किलें बढ़ीं, शिकायतकर्ता की गवाही पूरी; रिश्वत के बयान पर कायम
निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि 8 लाख रुपये रिश्वत मामले ...और पढ़ें

आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में फंसे हैं हरचरण सिंह भुल्लर।
HighLights
गवाही करीब 90 पन्नों में दर्ज की गई।
लगभग 22,500 शब्दों के बयान शामिल।
घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बयान दिए।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में फंसे पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मामले में शिकायतकर्ता आकाश बत्ता की सीबीआई की विशेष अदालत में गवाही पूरी हो गई है।
उनकी गवाही करीब 90 पन्नों में दर्ज की गई, जिसमें लगभग 22,500 शब्दों के बयान शामिल हैं। पिछले करीब एक महीने से सीबीआई कोर्ट में शिकायतकर्ता की गवाही चल रही थी। बचाव पक्ष के वकील उनका क्राॅस एग्जामिनेशन भी कर चुके हैं। हालांकि सीबीआई का दावा है कि वह रिश्वत मांगने के अपने बयानों पर कायम रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने अदालत में आरोपित हरचरण सिंह भुल्लर की पहचान करते हुए रिश्वत मामले से जुड़े घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बयान दिए हैं। इस गवाही को अभियोजन पक्ष के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने शिकायतकर्ता की गवाही पर सवाल उठाने के साथ ही पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की। बचाव पक्ष की ओर से ऐसे सवाल उठाए गए, जिनके जरिए मामले को राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ने का प्रयास किया गया।
पिछले साल बत्ता की शिकायत पर सीबीआई ने भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। बत्ता का आरोप था कि उसके खिलाफ एक आपराधिक मामला चल रहा था। इस मामले में उसे गिरफ्तारी का डर दिखाकर उससे आठ लाख रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी।
बिचौलिए ने भुल्लर के नाम पर बत्ता से रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई को जब सूचना मिली तो ट्रैप लगाकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। अब करीब एक साल से दोनों जेल में ही बंद हैं।
यह भी पढ़ें- 'इन्होंने ही मांगी थी रिश्वत...' पूर्व DIG भुल्लर और बिचौलिये को देख जज के सामने बोला शिकायतकर्ता
भुल्लर के वकील ने दिया राजनीतिक रंग
भुल्लर के वकील इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भुल्लर के वकील ने क्राॅस एग्जामिनेशन के दौरान शिकायतकर्ता से यह पूछा कि क्या उसने किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी से जुड़े व्यक्ति के कहने पर शिकायत दी थी। बचाव पक्ष यह साबित करने की कोशिश कर रहा था कि किसी बड़े नेता के इशारे पर भुल्लर को फंसाया गया था।
यह भी पढ़ें- 129 एकड़ जमीन, कैश और महंगी घड़ियां कहां से आई? पंजाब के पूर्व DIG भुल्लर से ईडी लेगी हिसाब; रिमांड पर लिया
भुल्लर के घर से मिले थे नोटों के ढेर
पिछले साल सीबीआई ने भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित घर पर रेड की थी। यहां सीबीआइ को साढ़े सात करोड़ रुपये कैश बरामद हुआ था। इसके अलावा लग्जरी घड़ियां, महंगी शराब, करीब ढाई किलो सोना और कई प्रापर्टी के दस्तावेज भी मिले थे। ऐसे में सीबीआई ने भुल्लर के खिलाफ भ्रष्टाचार के साथ-साथ आय से अधिक संपत्ति का भी केस दर्ज कर लिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।