विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

129 एकड़ जमीन, कैश और महंगी घड़ियां कहां से आई? पंजाब के पूर्व DIG भुल्लर से ईडी लेगी हिसाब; रिमांड पर लिया

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:39 PM (IST)

पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आठ दिन की हिरासत में लिया ...और पढ़ें

पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को ईडी ने रिमांड पर लिया।

पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को ईडी ने रिमांड पर लिया।

HighLights

  1. मनी लाॅन्ड्रिंग की जांच में संपत्तियों से जुड़े तथ्य सामने आए।

  2. ईडी ने अदालत में भुल्लर का 14 दिन का रिमांड मांगा था।

  3. अदालत ने भुल्लर का आठ दिन का रिमांड मंजूर किया।

रवि अटवाल, चंडीगढ़। पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हिरासत में ले लिया। ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लाॅन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की विशेष अदालत में भुल्लर से पूछताछ के लिए 14 दिन का रिमांड मांगा।

अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद भुल्लर को आठ दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। इस दौरान पत्नी और बच्चे भुल्लर से शाम को एक घंटे के लिए मिल सकेंगे। ईडी भुल्लर की संपत्तियों, जमीन और आय के स्रोतों की जांच करेगी। जांच एजेंसी को पंजाब में उसके पास 129 एकड़ जमीन होने का पता चला है।

ईडी यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि इतनी बड़ी संपत्ति और अकूत धन-दौलत उसने किस तरह अर्जित की। ईडी ने अदालत को बताया कि भुल्लर के खिलाफ मनी लाॅन्ड्रिंग की जांच के दौरान उसकी संपत्तियों से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं।

इससे पहले सीबीआई ने रिश्वत मामले में कार्रवाई करते हुए भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित आवास पर छापा मारा था। तलाशी के दौरान वहां से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये नकद, लगभग ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी घड़ियां और करीब ढाई किलो सोना कल जज के सामने बरामद किया गया था।

इतनी बड़ी मात्रा में नकदी, महंगी घड़ियों और सोने की बरामदगी के बाद उसकी संपत्ति और आय के स्रोत जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए थे।

यह भी पढ़ें- पूर्व DIG भुल्लर कल रो पड़े थे जज के सामने, आज फिर पेश किए तो बाहर आकर बोले-अभी कुछ नहीं कह सकता

आठ लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी

हरचरण सिंह भुल्लर को पिछले वर्ष सीबीआई ने मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी आकाश बत्ता से आठ लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि कारोबारी से जुड़े मामले में अनुचित लाभ लेने के लिए रिश्वत मांगी गई थी।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित घर पर छापेमारी कर नकदी, सोना और महंगी घड़ियां बरामद की थीं। इसके बाद सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले के अलावा आय से अधिक संपत्ति के संबंध में भी केस दर्ज किया था।

यह भी पढ़ें- CBI के मुजरिम ASI को पूर्व DIG भुल्लर की कस्टडी, जज ने लिया संज्ञान; चंडीगढ़ SSP को जांच के आदेश

बिचौलिए की गिरफ्तारी के बाद भुल्लर पर शिकंजा

भ्रष्टाचार के मामले में भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने उसके साथी और भ्रष्टाचार मामले में बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ मनी लांड्रिंग की जांच शुरू कर दी थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि रिश्वत और अन्य संदिग्ध लेनदेन से जुड़े धन के स्रोत और उसके इस्तेमाल की पड़ताल जरूरी है।

पिछले महीने ईडी ने कृष्णु शारदा को गिरफ्तार कर सात दिन के रिमांड पर लिया था। उससे पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 'इन्होंने ही मांगी थी रिश्वत...' पूर्व DIG भुल्लर और बिचौलिये को देख जज के सामने बोला शिकायतकर्ता