'नशा और कानून व्यवस्था राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे बने', चंडीगढ़ में बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल का सरकार पर हमला
चंडीगढ़ में आयोजित कांग्रेस की मैराथन बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन हुआ। शीर्ष नेताओं ने दावा ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान केसी वेणुगोपाल।
HighLights
कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं।
केसी वेणुगोपाल ने सरकार पर कानून व्यवस्था को घेरा।
राहुल गांधी की 4 नवंबर को संगरूर में रैली होगी।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने वरिष्ठ नेताओं के साथ दिनभर बैठकें कीं। इसके बाद प्रेसवार्ता में दोनों नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और पंजाब में सरकार बनाएगी। उन्होंने चार नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को पंजाब में बदलाव की शुरुआत बताया।
सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर चुनावी रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब के लोगों को बताया जाए कि उनके साथ कौन खड़ा है और कौन उनके खिलाफ।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में एक नवंबर को महारैली, चंडीगढ़ कांग्रेस ने कसी कमर; हजारों कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य
4 नवंबर को पंजाब आ रहे राहुल गांधी
पायलट ने कहा कि राहुल गांधी की चार नवंबर को संगरूर में होने वाली रैली में कांग्रेस की एकजुटता और बदलाव का संदेश दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि पूरी कांग्रेस एक साथ है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ एक ही गाड़ी में आने, वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक और प्रताप सिंह बाजवा के घर पर भोजन करने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व सभी को साथ लेकर चल रहा है।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय गृह मंत्री शाह 1 नवंबर को आएंगे चंडीगढ़, प्रशासन तैयारियाें में जुटा; सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट
कांग्रेस सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पिछले दो दिनों में वरिष्ठ नेताओं, संभावित उम्मीदवारों और पार्टी सदस्यों के साथ बैठकें की गई हैं। इन बैठकों के बाद वह पूरी तरह आश्वस्त हैं कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा देश के लिए महत्वपूर्ण रहा है। आज किसानों की समस्याएं, युवाओं में बेरोजगारी, नशा और कानून व्यवस्था राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे बन चुके हैं। पिछले पांच वर्षों में युवाओं और आम परिवारों की स्थिति चिंताजनक हुई है।
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने पंजाब के लिए त्याग किया है। अब जरूरत पंजाब की पुरानी पहचान और गौरव वापस लाने की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की संगरूर रैली बदलाव का निर्णायक मोड़ होगी। कांग्रेस लड़ेगी और जीतेगी। इस मौके पर चरणजीत सिंह चन्नी, प्रताप सिंह बाजवा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
