राहुल गांधी की 'हिसाब मांगो रैली', संगरूर से होगा चुनावी आगाज; केसी वेणुगोपाल बोले- बदलाव चाहते हैं लोग
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी चार नवंबर को संगरूर में 'हिसाब मांगो रैली' से चुनावी अभियान ...और पढ़ें

केसी वेणुगोपाल मीडिया से बातचीत करते हुए।
HighLights
कांग्रेस 4 नवंबर को संगरूर से चुनावी अभियान शुरू करेगी।
राहुल गांधी की रैली से पंजाब में पार्टी को गति मिलेगी।
केसी वेणुगोपाल ने पंजाब में कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई।
डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी नेताओं की बैठक से पहले कहा कि कांग्रेस 4 नवंबर से पंजाब में विधानसभा चुनाव का अभियान शुरू करेगी। इसकी शुरुआत संगरूर में राहुल गांधी की रैली से होगी।
पत्रकारों से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी का पंजाब के लोगों के साथ मजबूत जुड़ाव है। देशभर में बड़ी संख्या में लोग उनकी विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार पंजाब में युवाओं के मुद्दों पर खास ध्यान दिया जाएगा और उन्हें राहुल गांधी के साथ जोड़ने पर जोर रहेगा।
वेणुगोपाल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और सरकार इसे नियंत्रित करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा करना है, लेकिन मौजूदा स्थिति में पुलिस ही लोगों के लिए समस्याएं खड़ी कर रही है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में चुनावी बिसात बिछाने चंडीगढ़ पहुंचे वेणुगोपाल और पायलट, आज नेताओं के साथ मिलकर बनाएंगे रणनीति
शांति और बेहतर माहौल चाहते हैं लोग
उन्होंने कहा कि अब सरकार बदलने का समय है और कांग्रेस इस दिशा में काम करेगी। भाजपा की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को निशाना बनाए जाने के सवाल पर वेणुगोपाल ने कहा कि पूरे देश को पता है कि उन्हें किस वजह से निशाना बनाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने शुद्धिकरण के मुद्दे का भी उल्लेख किया।
वेणुगोपाल ने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव का इंतजार कर रहे हैं। उनकी उम्मीद है कि प्रदेश में शांति और बेहतर माहौल कायम हो।
चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा
पंजाब कांग्रेस भवन में होने वाली बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर भी चर्चा होगी। बैठक में कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश के प्रमुख नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।
यह भी पढ़ें- 'हमने मांगें मानीं, परविंदर झोटा का पोस्टमार्टम करवाना परिवार की इच्छा', पटियाला में सीएम मान ने केंद्र को घेरा
एक जुट दिखी पंजाब कांग्रेस
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित सांसद, विधायक और पूर्व विधायक पहुंचे हैं। सांसद डॉ. अमर सिंह और डॉ. धर्मवीर गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।
बैठक से पहले कांग्रेस नेताओं के बीच एकजुटता का संदेश भी देखने को मिला। सुबह होटल से केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, प्रताप सिंह बाजवा और परगट सिंह एक ही गाड़ी में पंजाब कांग्रेस भवन पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह खुद गाड़ी चला रहे थे। पार्टी नेताओं की इस साझा मौजूदगी को चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
2027 चुनाव, टिकट और संगठन पर चर्चा
बैठक में मुख्य रूप से 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी। पार्टी के संगठन को मजबूत करने, नेताओं के बीच तालमेल बढ़ाने और चुनाव से पहले सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होगी। एक परिवार, एक टिकट के मुद्दे पर भी मंथन होने की संभावना है। कांग्रेस नेतृत्व चुनाव में टिकट वितरण, संगठनात्मक मजबूती और नेताओं की जिम्मेदारियों को लेकर रणनीति तैयार करेगा।
दिल्ली रैली और राहुल गांधी के संगरूर दौरे पर नजर
एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली की तैयारियों पर भी बैठक में प्रमुखता से चर्चा होगी। पंजाब से नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ रैली को सफल बनाने की रणनीति बनाई जाएगी।इसके अलावा चार नवंबर को राहुल गांधी के संगरूर दौरे को लेकर भी चर्चा होगी। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में इस दौरे के जरिए पंजाब में पार्टी के अभियान को गति देने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने पर जोर रहेगा। पंजाब कांग्रेस की इस मैराथन बैठक में आगामी चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों, राजनीतिक मुद्दों और पार्टी की एकजुटता को लेकर आगे की दिशा तय की जाएगी।
