केंद्रीय गृह मंत्री शाह 1 नवंबर को आएंगे चंडीगढ़, प्रशासन तैयारियाें में जुटा; सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 1 नवंबर को चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए ...और पढ़ें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक नवंबर को चंडीगढ़ दौरा प्रस्तावित।
HighLights
एक नवंबर को चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस।
सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क में होगा भव्य समारोह।
चंडीगढ़वासियों को भी राहतभरी घोषणा की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक नवंबर को चंडीगढ़ आ सकते हैं। वे चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस यानी रेजिंग डे पर सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क में होने वाले भव्य समारोह शिरकत करेंगे। शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है और सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
एक नवंबर 1966 को चंडीगढ़ को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के साथ चंडीगढ़ पुलिस का पुनर्गठन हुआ था। इस लिहाज से वर्ष 2026 का रेजिंग डे विशेष महत्व रखता है। यही वजह है कि केंद्रीय गृह मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे। वे भव्य परेड की सलामी लेंगे।
इसके साथ प्रशासन को यह भी उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में गृह मंत्री चंडीगढ़वासियों की समस्याओं को हल करने पर कोई राहतभरी घोषणा भी कर सकते हैं। इस समय पुनर्वास काॅलोनियों के मकानों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देने की फाइल गृह मंत्रालय को भेजी जा चुकी है इसके साथ ही उद्योगपतियों के भी कई मामले गृह मंत्रालय में लंबित है।
फूलों-मंच की सजावट पर खर्च होंगे 14.60 लाख
शाह के दौरे के मद्देनजर तिरंगा पार्क में आयोजित होने वाले वीवीआईपी कार्यक्रम के लिए फूलों और मंच की सजावट पर करीब 14.60 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
तिरंगा पार्क में साफ-सफाई, बिजली, बैठने की व्यवस्था, मंच निर्माण और आगंतुकों के प्रवेश-निकास से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपे जाने की तैयारी है।
अधिकारियों के बीच समन्वय किया जा रहा
सुरक्षा एजेंसियां की ओर से कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग को लेकर अधिकारियों के बीच समन्वय किया जा रहा है। संभावित भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए मार्गों का निरीक्षण किया जाएगा।
