Chandigarh Weather: 24 घंटे में बदलेगा मौसम, हल्की बारिश के आसार; बढ़ी ठिठुरन
शहर में धूप खिले दो हफ्ते से ज्यादा का समय हो गए हैं। धुंध और बादलों की वजह से ठंड लगातार बढ़ रही है। बुधवार दिनभर बादल छाए रहे। शाम को कुछ स्थानों पर ...और पढ़ें

चंडीगढ़, जागरण संवाददाता : शहर में धूप खिले दो हफ्ते से ज्यादा का समय हो गए हैं। धुंध और बादलों की वजह से ठंड लगातार बढ़ रही है। बुधवार दिनभर बादल छाए रहे। शाम को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबादी भी हुई। इस हल्की बारिश ने ठिठुरन और ज्यादा बढ़ा दी है। शहर का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि समान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम है।
न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा
वहीं न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में मौसम का मिजाज बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शहर में हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के बाद शीत लहर और धुंध बढ़ेगी। अगले पांच दिन तक शहर का अधिकतम तापमान 10 से 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
कोहरे के कारण हवाई व रेल यातायात भी प्रभावित
धुंध की वजह से सुबह 7:55 बजे बेंगलुरु से आने वाली और सुबह 8:25 बजे बेंगलुरु को जाने वाली फ्लाइट रद रही। सुबह 8:25 बजे कुल्लू जाने वाली फ्लाइट कुल्लू में मौसम खराब रहने की वजह से रद रही। इसके अलावा 12 फ्लाइट्स निर्धारित समय से लेट रही। इसके अलावा कई ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से लेट चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
धुंध और खराब रोशनी के चलते रणजी ट्राफी के दोनों मैच प्रभावित
लगातार दूसरे दिन खराब मौसम की वजह से ट्राईसिटी में आयोजित दोनों रणजी ट्राफी के मैच प्रभावित हुए। मोहाली के आइएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित पंजाब व जम्मू एवं कश्मीर के बीच खेले जा रहे मैच में सिर्फ 11 ओवर का खेल हो सका। इसके बाद अंपायर्स ने खराब रोशनी की वजह से मैच को रोक दिया। जम्मू एवं कश्मीर ने पहले दिन 33 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए थे।
मात्र एक ही ओवर का रहा मैच
दूसरे दिन टीम अपने स्कोर में मात्र 30 रन और जोड़ सकी। पंजाब की तरफ से कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में कामयाब नहीं हो सका। जम्मू एवं कश्मीर के फाजिल राशिद 46 और अकिब नकबी 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वहीं सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान चंडीगढ़ और विदर्भ के बीच खेला जा रहा रणजी ट्राफी मैच बुधवार को मात्र एक ही ओवर का हो पाया।
खराब रोशनी के कारण रोका गया मैच
धुंध छंटने के बाद लंच के बाद करीब डेढ़ बजे मैच शुरू हुआ। विदर्भ ने अपने ओवरनाइट स्कोर (6/0) को आगे बढाते हुए मात्र पांच रन ही जोड़े। कप्तान फैज फयाज (1) और एसआर रामास्वामी (9) के साथ विदर्भ ने बिना विकेट खोए 11 रन बनाए ही थे कि अंपायर्स ने खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।