ट्रांजिट प्वाइंट नहीं, गजब का टूरिस्ट प्वाइंट है चंडीगढ़, स्प्रिंग सीजन में आकर देख लिया तो हर साल खुद को आने से नहीं रोक पाएंगे
चंडीगढ़ को सिटी ब्यूटीफुल कहा जाता है। इस हरे भरे शहर में रहने वाले लोग अपने आप को सौभाग्यशाली मानते हैं। क्योंकि चंडीगढ़ में हर चीज व्यवस्थित है और यहां आने वाले लोग इस शहर की सुंदरता और खुबियों को दिल और दिमाग से निकाल नहीं पाते।

बलवान करिवाल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ मॉर्डन आर्किटेक्चर वर्क के साथ ही अपनी ग्रीनरी के लिए भी विश्व विख्यात है। इसका दीदार करने पूरे विश्व से पर्यटक आते रहे हैं। इतनी खूबसूरती और खासियत होने के बाद भी चंडीगढ़ में टूरिस्ट की आवाजाही दूसरे टूरिस्ट प्लेस जितनी नहीं है। टूरिस्ट चंडीगढ़ में न रुककर यहां से होते हुए हिमाचल प्रदेश, उत्तरखंड, जम्मू एंड कश्मीर जैसे राज्यों के प्रमुख पर्यटन स्थलों को निकल जाते हैं। कई मायनों में यह ट्रांजिट प्वाइंट बनकर रह गया है।
लेकिन हम इन टूरिस्ट को बताना चाहते हैं जिस शहर को आप ट्रांजिट प्वाइंट बनाकर चले जा रहे हैं। इसकी खूबसूरती आपने देख ली तो यहां बार-बार आएंगे। खासकर स्प्रिंग सीजन में यहां की फूलों की टनल जैसी सड़कों के बीच से निकलना किसी को मोहित करे बिना नहीं रख सकती। चंडीगढ़ ऐसा शहर है जहां सभी ऋतु को आते और जाते देखा जा सकता है। पतझड़ में पेड़ों से झड़ते पत्तों से भरी सड़कों के बीच से गुजरने पर आप खुद को फोटो लेने से नहीं रोक पांएगे। इसके बाद बसंत ऋतु के रंग तो आपके जीवन को रंगों से भर देंगे। इन दिनों पुराने पत्त झड़ने के बाद पेड़ों पर आ रही नई कोंपले रंग बिरंगे फूल और पत्ते स्विटजरलैंड को भी फीका कर देंगे। सिर्फ यही नहीं यहां के पर्यटन स्थल भी आकर्षण का केंद्र हैं।
यह पर्यटन स्थल चंडीगढ़ की पहचान
लाइफलाइन सुखना लेक
चंडीगढ़ की लाइफलाइन सुखना लेक चंडीगढ़ के सबसे फेमस टूरिस्ट प्लेस में से एक है। लगभग 3 किमी में फैली इस झील से शिवालिक की पहाड़ियां नजर आती हैं। झील में बोटिंग के साथ शिकारे का मजा और खाने पीने के लिए चंडीगढ़ टूरिज्म का रेस्टोरेंट भी है। सुखना झील का पानी सूरज की किरणों की चमचमाता है। झील के साथ फॉरेस्ट एरिया लगता है जहां पर ट्रैकिंग के साथ साइकिलिंग भी की जा सकती है। वहीं झील के साथ साथ वॉकिंग के लिए ट्रैक बना हुआ है, जहां लोग सुबह और शाम की सैल के लिए पहुंचते हैं। वहीं दिनभर यहां टूरिस्ट का तांता लगा रहता है।
बर्ड पार्क बेहद खास
चंडीगढ़ बर्ड पार्क नहीं देखा तो कुछ नहीं देखा। छह महीने पहले ही इसकी ओपनिंग हुई थी। यहां रिकॉर्ड 3 लाख पर्यटक इसे देखने आ चुके हैं। 6.5 एकड़ में फैला बर्ड पार्क 20 प्रजातियों के 900 पक्षियों का आशियाना है। यहां चीन का सवान, अमेरिका के लव बर्ड्स, ग्रीन विंग मकाओ, ब्लू गोल्ड मकाओ, रेनबो लॉरीकीट्स जैसे पक्षियों को करीब से देख सकते हैं। एडवेंचर के लिए लकड़ी और शीशे के पुल बनाए गए हैं।टरेस्ट्रियल एवियेरी में अलग तरह के पक्षी रखे गए हैं। इसके अलावा दो छोटी एवियेरी भी हैं जिनमें छोटे आकार के पक्षी रखे गए हैं। पक्षियों के घोंसले से लेकर रहने की सभी जरूरतों का ध्यान रखा गया है। बता दें कि बर्ड पार्क का उद्घाटन 16 नवंबर को देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पत्नी सविता कोविंद ने किया था।
बोलते पत्थर देखने आइए रॉक गार्डन
चंडीगढ़ के रॉक गार्डन का निर्माण 1957 में इसके संस्थापक नेक चंद सैनी ने किया था। रॉक गार्डन अब चंडीगढ़ के सबसे अच्छे पर्यटन स्थलों में से एक बन गया है। 40 एकड़ से अधिक जगह में फैला इस गार्डन के डिजाइन की बात करें तो यहां लगी मुर्तियां, झरने और झूले इसकी विशेषता को बताते हैं। रॉक गार्डन 5,000 से अधिक मुर्तियां हैं, जिनकी खास बात यह है कि यह वेस्ट मैटेरियल से बनी हैं। यानि बेकार चीजों से इन मूर्तियों को डिजाइन किया गया है। रॉक गार्डन वास्तव में देखने और घूमने के लिए परफेक्ट जगह है। यहां पर परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का आनंद दोगुना हो जाता है।
रोज गार्डन में गुलाब ही गुलाब
सेक्टर-16 रोज गार्डन में फूलों की लगभग 825 किस्म, 32,500 किस्म के पेड़ और औषधीय झाड़ियां हैं। चंडीगढ़ के रोज गार्डन को जाकिर हुसैन रोज गार्डन के नाम से भी जाना जाता है। यह 30 एकड़ में फैला हुआ है। रोज गार्डन फैमली, फ्रेंड्स या कपल के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करने के लिए चंडीगढ़ की सबसे अच्छी जगहें में से एक है। इसकी खास बात यह है कि हर साल फरवरी महीने में यहां तीन दिन तक चलने वाला रोज फेस्टिवल होता है। रोज फेस्टिवल देखने के लिए दूसरे राज्यों से लोग पहुंचते हैं।
शॉपिंग का हब एलांते
चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल में चंडीगढ़ का सबसे बड़ा मॉल है। 20 एकड़ जमीन में फैले इस मॉल में रिटेल स्पेस एरिया, पार्किंग और पीवीआर नए जमाने की तकनीकों से लैस हैं। इसमें कई रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए एक गेमिंग पॉइंट और कई कपड़े, जूते और ब्यूटी प्रोडक्ट आउटलेट के साथ एक बड़ा फूड कोर्ट भी मौजूद है।चंडीगढ़ का हार्ट कहे जाने वाले सेक्टर-17 को शॉपिंग के लिए बड़ी जगह माना जाता है। क्योंकि यहां बहुत शोरूम हैं। बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी करने आते हैं। वहीं इसकी खास बात यह है कि यहां म्यूजिकल फाउंटेन शो होता है। यह मनोरंजन और दर्शनीय स्थलों की लोकप्रिय जगह है। यह शो शाम के समय आयोजित किया जाता है और रिधम संगीत पर नाचते हुए पानी के फव्वारे का अद्भुत प्रदर्शन होता है। इस शो को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जाती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।