Chandigarh Tourist Place: चंडीगढ़ में सुखना लेक और रॉक गार्डन के अलावा और भी हैं कई टूरिस्ट प्लेस, जानें इनकी खासियत
Chandigarh Tourist Place सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी खुबसूरती के लिए जाना जाता है। चंडीगढ़ प्लान सिटी है। इस शहर की वास्तुकला संरचना और डिजाइन हमेशा पर्यटन का एक महत्वपूर्ण कारक रहा है।

अंकेश ठाकुर, चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल के नाम से प्रसिद्ध चंडीगढ़ सचमुच में बहुत खूबसूरत है। वहीं यहां पर्यटकों के लिए घूमने के लिए ऐसे कई टूरिस्ट स्पॉट हैं, जहां पहुंचने में दिल खुश हो जाता है। कोरोना की तीसरी लहर लगभग खत्म हो चुकी है। इन दिनों मौसम भी खुल गया है। ऐसे में शहर से पाबंदिया बिल्कुल हट चुकी हैं। कोरोना की वजह से घरों में कैद लोग अब घूमने का प्लान बनाने लगे हैं तो हम आपको शहर की उन जगहों के बारे में बता रहे हैं जहां आप आसानी से पहुंच सकते हैं और इस सुहाने मौसम का मजा ले सकते हैं।
चंडीगढ़ देश ही नहीं विदेश में भी अपनी खुबसूरती के लिए जाना जाता है। चंडीगढ़ प्लान सिटी है। चंडीगढ़ की वास्तुकला, संरचना और डिजाइन हमेशा पर्यटन का एक महत्वपूर्ण कारक रहा है। शहर में बहुत सी ऐसी जगह हैं जहां पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है उनमें से एक है सुखना लेक है।
सुखना लेक चंडीगढ़ (Sukhna Lake Chandigarh)
सुखना झील चंडीगढ़ के सबसे फेमस टूरिस्ट प्लेस में से एक है। लगभग 3 किमी में फैली इस झील से शिवालिक की पहाड़ियां नजर आती हैं। झील में बोटिंग के साथ शिकारे का मजा और खाने पीने के लिए चंडीगढ़ टूरिज्म का रेस्टोरेंट भी है। सुखना झील का पानी सूरज की किरणों की चमचमाता है। झील के साथ फॉरेस्ट एरिया लगता है जहां पर ट्रैकिंग के साथ साइकिलिंग भी की जा सकती है। वहीं झील के साथ साथ वॉकिंग के लिए ट्रैक बना हुआ है, जहां लोग सुबह और शाम की सैल के लिए पहुंचते हैं। वहीं दिनभर यहां टूरिस्ट का तांता लगा रहता है।
रॉक गार्डन चंडीगढ़ (Rock Garden Chandigarh)
चंडीगढ़ के रॉक गार्डन का निर्माण 1957 में इसके संस्थापक नेक चंद सैनी ने किया था। रॉक गार्डन अब चंडीगढ़ के सबसे अच्छे पर्यटन स्थलों में से एक बन गया है। 40 एकड़ से अधिक जगह में फैला इस गार्डन के डिजाइन की बात करें तो यहां लगी मुर्तियां, झरने और झूले इसकी विशेषता को बताते हैं। रॉक गार्डन 5,000 से अधिक मुर्तियां हैं, जिनकी खास बात यह है कि यह वेस्ट मैटेरियल से बनी हैं। यानि बेकार चीजों से इन मूर्तियों को डिजाइन किया गया है। रॉक गार्डन वास्तव में देखने और घूमने के लिए परफेक्ट जगह है। यहां पर परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का आनंद दोगुना हो जाता है।
बर्ड पार्क चंडीगढ़ (Bird Park Chandigarh)
चंडीगढ़ आने के बाद टूरिस्ट का अभी तक रॉक गार्डन और सुखना लेक सबसे पसंदीदा स्थल होते थे। वहीं, अब बर्ड पार्क भी चंडीगढ़ के पर्यटन स्थलों में बड़ा नाम बन चुका है। अब कोई गाइड करते हुए कहता है चंडीगढ़ बर्ड पार्क नहीं देखा तो कुछ नहीं देखा। 6.5 एकड़ में फैला बर्ड पार्क 20 प्रजातियों के 900 पक्षियों का आशियाना है। यहां चीन का सवान, अमेरिका के लव बर्ड्स, ग्रीन विंग मकाओ, ब्लू गोल्ड मकाओ, रेनबो लॉरीकीट्स जैसे पक्षियों को करीब से देख सकते हैं। एडवेंचर के लिए लकड़ी और शीशे के पुल बनाए गए हैं।टरेस्ट्रियल एवियेरी में अलग तरह के पक्षी रखे गए हैं। इसके अलावा दो छोटी एवियेरी भी हैं जिनमें छोटे आकार के पक्षी रखे गए हैं। पक्षियों के घोंसले से लेकर रहने की सभी जरूरतों का ध्यान रखा गया है। बता दें कि बर्ड पार्क का उद्घाटन 16 नवंबर को देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पत्नी सविता कोविंद ने किया था।
रोज गार्डन चंडीगढ़ (Rose Garden Chandigarh)
चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन शहर का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। रोज गार्डन में फूलों की लगभग 825 किस्म, 32,500 किस्म के पेड़ और औषधीय झाड़ियां हैं। चंडीगढ़ के रोज गार्डन को जाकिर हुसैन रोज गार्डन के नाम से भी जाना जाता है। यह 30 एकड़ में फैला हुआ है। रोज गार्डन फैमली, फ्रेंड्स या कपल के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करने के लिए चंडीगढ़ की सबसे अच्छी जगहें में से एक है। इसकी खास बात यह है कि हर साल फरवरी महीने में यहां तीन दिन तक चलने वाला रोज फेस्टिवल होता है। रोज फेस्टिवल देखने के लिए दूसरे राज्यों से लोग पहुंचते हैं। इस बार रोज फेस्टिव 25 से 27 फरवरी तक मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां जोरों शोरों से चल रही हैं।
टैरेस गार्डन चंडीगढ़ (Terrace Garden Chandigarh)
चंडीगढ़ के सेक्टर-33 में टैरेस गार्डन एक मान्यता प्राप्त स्थान है, जहां आप फूलों और हरे-भरे पेड़ों को देख सकते हैं। वर्ष 1979 में स्थापित टैरेस गार्डन 10 एकड़ से अधिक भूमि में फैला हुआ है। यहां हर साल होने वाल गुलदाउदी शो इसकी विशेषता रखता है। यह गार्डन चंडीगढ़ में घूमने के लिए सबसे आकर्षक स्थानों में से एक बन गया है। पर्यटक और प्राकृतिक उत्साही यहां ताजी हवा का आनंद लेने और आकर्षक हरियाली का आनंद लेने के लिए यहां आते हैं।
एलांते मॉल चंडीगढ़ (Elante Mall Chandigarh)
चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल में चंडीगढ़ का सबसे बड़ा मॉल है। 20 एकड़ जमीन में फैले इस मॉल में रिटेल स्पेस एरिया, पार्किंग और पीवीआर नए जमाने की तकनीकों से लैस हैं। इसमें कई रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए एक गेमिंग पॉइंट और कई कपड़े, जूते और ब्यूटी प्रोडक्ट आउटलेट के साथ एक बड़ा फूड कोर्ट भी मौजूद है।
सेक्टर-17 प्लाजा (Sector-17 Plaza)
चंडीगढ़ का हार्ट कहे जाने वाले सेक्टर-17 को शॉपिंग के लिए बड़ी जगह माना जाता है। क्योंकि यहां बहुत शोरूम हैं। बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी करने आते हैं। वहीं इसकी खास बात यह है कि यहां म्यूजिकल फाउंटेन शो होता है। यह मनोरंजन और दर्शनीय स्थलों की लोकप्रिय जगह है। यह शो शाम के समय आयोजित किया जाता है और रिधम संगीत पर नाचते हुए पानी के फव्वारे का अद्भुत प्रदर्शन होता है। इस शो को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जाती है।
चंडीगढ़ की न्यू लेक (New Lake Chandigarh)
ज्यादातर लोग सिर्फ सुखना लेक के बारे में ही जानते हैं। यहां आने वाले पर्यटक भी सुखना लेक जाते हैं, लेकिन चंडीगढ़ में और भी कई झीलें है जिनके बारे में लोग कम जानते हैं। उनमें से एक सेक्टर-42 की न्यू लेक। चंडीगढ़ के साउथ सेक्टरों में स्थित न्यू लेक शानदार टूरिस्ट प्लेस है। न्यू लेक को 2008 में तैयार किया गया था। अब इस लेक पर चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) ने बोटिंग शुरू करने की प्लानिंग की है। सैलानी सुखना लेक की तरह इस लेक में भी बोटिंग का लुत्फ उठा सकेंगे। सिर्फ बोटिंग ही नहीं एक्यूजमेंट पार्क भी इस एरिया में शुरू किया जा रहा है। यह पार्क बच्चों के लिए होगा। जहां बच्चों के लिए अलग-अलग तरह के झूले और एडवेंचर गेम होंगी।
सुखना वाइल्ड लाइफ सेंचुरी (Sukhna Wildlife Sanctuary)
सुखना वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी प्रकृति को नजदीक से जानने के लिए सबसे बेहतर जगह है। फॉरेस्ट लवर हैं और प्रकृति को बेहद करीब से देखना चाहते हैं तो यहां जरूर आएं। यहां जंगल में साइकिल चलाने का लुत्फ भी उठा सकते हैं। जंगल में नेपली फॉरेस्ट में साइकिल ट्रैक भी बना है। इन चीजों को लुत्फ उठाने के लिए आपको पहले फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से मंजूरी लेनी होगी। डिपार्टमेंट भी लोगों के लिए निर्धारित कैलेंडर अनुसार ट्रैकिंग टूर आयोजित करता है। इस दौरान रजिस्ट्रेशन के बाद कोई भी जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।