Chandigarh news : पारिवारिक विवाद में महिला की मौत, देवर गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज
चंडीगढ़ के सेक्टर-36 में पारिवारिक झगड़े के चलते एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई। बेटे ने चाचा पर हत्या का आरोप लगाया है। अजय मित्तल के अनुसार संपत्ति विवाद के कारण उसकी मां को प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर चाचा अशोक मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-36 थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका संतोष (50) के बेटे अजय मित्तल ने अपने चाचा अशोक मित्तल और चाची पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अजय का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते उसकी मां को लगातार परेशान किया जाता था और इसी के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अशोक मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल आरोपित से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अगर जांच में पुख्ता सबूत मिलते हैं तो आरोपित के खिलाफ हत्या और घरेलू हिंसा से संबंधित धाराएं लगाई जा सकती हैं। वहीं, चाची से भी पूछताछ की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में अजय मित्तल ने बताया कि वह सेक्टर-36 स्थित मकान नंबर 3608 में रहता है। उसकी मां भी उसके साथ रहती थी। इसी मकान में उसका चाचा अशोक मित्तल और उनका परिवार भी रहते हैं। घर की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी अजय के नाम है, जबकि शेष हिस्सेदारी उसकी दादी भगवती देवी के नाम दर्ज है।
अजय का आरोप है कि मकान को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चला आ रहा था और इसी वजह से आए दिन झगड़े की नौबत आ जाती थी। 20 अगस्त की देर रात करीब 11:10 बजे अजय किसी काम से सेक्टर-35 गया हुआ था। तभी घर में उसके चाचा अशोक और उनकी पत्नी का मां संतोष से विवाद हो गया।
अजय ने बताया कि जब वह वापस घर लौटा तो उसने अपनी मां को बेहोश हालत में फर्श पर पड़ा देखा। घबराकर उसने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा और मां को जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अजय मित्तल का कहना है कि उसके चाचा अशोक मित्तल और चाची पहले भी कई बार मां से झगड़ा कर चुके थे। अक्सर घर में मारपीट और गाली-गलौज की स्थिति बन जाती थी। अजय का आरोप है कि चाचा और चाची ने योजनाबद्ध तरीके से मां के साथ मारपीट की और यही उनकी मौत की वजह बनी।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित अशोक मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।