CM भगवंत मान ने गजेटेड अधिकारी किए तैनात, बाढ़ प्रभावित गांवों में पीड़ितों और प्रशासन के बीच साधेंगे सीधा संपर्क
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए प्रत्येक गांव में राजपत्रित अधिकारी तैनात करने के आदेश दिए हैं। ये अधिकारी गांववासियों और प्रशासन के बीच सीधा संपर्क सुनिश्चित करेंगे जिससे समस्याओं का तुरंत समाधान हो सकेगा। वर्तमान में 23 जिलों के 1698 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हैं और सरकार नुकसान का आकलन कर मुआवजे का वितरण करेगी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के बाढ़ प्रभावित गांवों में बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए मुख्य मंत्री भगवंत मान ने आज इन कार्यों की निगरानी के लिए प्रत्येक प्रभावित गांव में गजटेड अधिकारी तैनात करने के आदेश दिए हैं।
मुख्य मंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव में तैनात किए जाने वाले गजटेड अधिकारी राज्य में गांववासियों और प्रशासन के बीच सीधा संपर्क बनाए रखने को सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहे लोग अधिकारी के साथ अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगे, जिससे हर समस्या का तुरंत समाधान हो सकेगा। भगवंत मान ने कहा कि अब तक 23 जिलों के 1698 से अधिक गांव पानी की चपेट में हैं, जिससे 3.80 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
मुख्य मंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य पहले ही युद्धस्तर पर चल रहे हैं ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार इन कठिन समय में लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पहले ही विशेष गिरदावरी के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निष्पक्ष ढंग से गिरदावरी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को नुकसान की एक-एक पाई का मुआवजा मिल सके। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार नुकसान की भरपाई में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।