चंडीगढ़ कांग्रेस कल करेगी पंजाब राजभवन का घेराव, लक्की बोले- महंगाई के मुद्दे पर लोगों से मजाक कर रही केंद्र सरकार
कांग्रेस ने शहर में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है जिसके तहत वार्ड वाइज और हर नेता को अपने अपने एरिया में प्रदर्शन करने के लिए कहा गया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस की तरफ से पंजाब राजभवन का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस सचिव जितेंद्र सिंह धामी ने कहा है कि बढ़ती कीमतों और महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार द्वारा संसद में दिए गए झूठे और भ्रामक बयान के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता 5 अगस्त को चंडीगढ़ में पंजाब राजभवन का घेराव करने के लिए रोष मार्च निकालेंगे।
कांग्रेस ने शहर में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है, जिसके तहत वार्ड वाइज और हर नेता को अपने अपने एरिया में प्रदर्शन करने के लिए कहा गया है। कांग्रेस ने पांच जिलों के अध्यक्ष की घोषणा की है। जिला कार्यकारणी का गठन एक माह के बीच कर दिया जाएगा। कांग्रेस ने अभी बढ़ती कीमतों के विरोध में पार्टी के अगले आंदोलनकारी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की का कहना है कि लोकसभा में महंगाई पर बहस के दौरान केंद्र सरकार की ओर से जवाब दे रहे नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने यह बयान दिया है कि देश में कोई महंगाई नहीं है। ऐसा कहना देश की जनता के साथ मजाक है। लक्की ने कहा कि यह वास्तव में निंदनीय है कि समाज के गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर महंगाई की मार पड़ रही है और सत्ता के नशे में धुत सरकार इसे स्वीकार करने के लिए भी लिए तैयार नहीं है।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री की हाल की चंडीगढ़ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए 40 कार्यकर्ताओं और पांच जिला अध्यक्षों रवि ठाकुर, जसबीर सिंह बंटी, परवीन नारंग, जीत सिंह और सुरजीत ढिल्लों को सम्मानित किया गया है। कांग्रेस के सीनियर नेता डीडी जिंदल का कहना है कि नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों ने आश्वासन दिया कि वे हमेशा पार्टी को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों और गतिविधियों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के अपने अथक प्रयास करते रहेंगे। कांग्रेस ने जो प्रदर्शन की योजना तैयार की है उसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल भी शामिल होंगे। इस समय पवन बंसल ने बेशक आने वाला लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है, लेकिन वह संगठनात्मक तौर पर पार्टी के लिए मजबूती के साथ काम करते रहेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।