चंडीगढ़ में बढ़ा एयर पॉल्यूशन, पंचकूला की हवा और ज्यादा खराब, जानें पंजाब-हरियाणा के शहरों का हाल
Chandigarh AQI चंडीगढ़ की हवा प्रदूषित होने लगी है। जैसे जैसे मौसम साफ होता जा रहा है प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। पड़ोसी शहर पंचकूला की हवा तो चंडीगढ़ के मुकाबले और ज्यादा खराब हो चुकी है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh AQI: धूप खिलने लगी है सर्दियों का असर पहले से कुछ कम हुआ है। खासकर दिन में चटख धूप खिलने से मौसम अब सुहावना होने लगा है। हालांकि हवा पर इसका उल्टा प्रभाव दिख रहा है। वायु प्रदूषण फिर बढ़ रहा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार बढ़ने लगा है। रविवार को छुट्टी की वजह से सभी सरकारी और प्राइवेट ऑफिस बंद होते हैं। इस वजह से शहर में वाहनों की आवाजी दस फीसद भी नहीं रहती। बावजूद इसके एक्यूआइ रविवार को बढ़कर 100 के पार पहुंच गया। सुबह 11 बजे चंडीगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 136 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया।
एक्यूआइ के 100 से अधिक होने को खराब माना जाता है। सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं आसपास के शहरों में भी यह लगातार बढ़ रहा है। पंचकूला का एक्यूआइ 156 दर्ज किया गया। जबकि बारिश के बाद पिछले सप्ताह चंडीगढ़ का एक्यूआइ कम होकर 27 तक पहुंच गया था। जिसे बेहद अच्छा माना जाता है। अब फिर बारिश के बाद ही इसके नीचे आने की संभावना जताई जा रही है। बारिश में ही प्रदूषण के कण जमीन पर बैठते हैं। जिससे हवा साफ होती है।
अच्छी बात यह है कि मौसम विभाग ने दो फरवरी को फिर से बारिश होने की संभावना जताई है। यह आगे कई दिनों तक हो सकती है। उम्मीद है कि दो तक जितना एक्यूआइ का स्तर बढ़ेगा यह बारिश के बाद फिर नीचे आ जाएगा। देश की राजधानी नई दिल्ली का हाल तो और भी बुरा है। नई दिल्ली एनसीआर के शहरों में एक्यूआइ 250 के आसपास है। यह सभी शहर ऑरेंज जोन की कैटेगरी में हैं। जबकि चंडीगढ़ येलो जोन में है। इस तरह से नई दिल्ली में तो एक्यूआइ बेहद खराब स्थिति में है।
प्रमुख शहरों में एक्यूआइ का स्तर
चंडीगढ़ 136
पंचकूला 156
जालंधर 86
अमृतसर 118
लुधियाना 99
अंबाला 237
कुरुक्षेत्र 170
करनाल 103
सोनीपत 150
नई दिल्ली 263
फरीदाबाद 280
गुरुग्राम 226
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।