Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार पर बरसे कैप्टन अमरिंदर सिंह, कहा- पंजाब का माहौल न बिगाड़ो

    By Jagran NewsEdited By: Kamlesh Bhatt
    Updated: Sat, 01 Oct 2022 04:19 PM (IST)

    पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में शनिवार को लोक कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेरा।

    Hero Image
    मीडियाकर्मियों से बातचीत करते कैप्टन अमरिंदर सिंह।

    आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी पंजाब में खुद को मजबूत करने में जुटी है। कुछ दिन पूर्व कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी लोक कांग्रेस पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया था। अब लोक कांग्रेस पार्टी से जुड़े और नेताओं ने आज भाजपा का दामन थामा। चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मौजूद रहे। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कैप्टन ने अपने साथी रहे नेताओं का भाजपा में आने पर स्वागत किया। कैप्टन ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है पंजाब को बचाना और यहां के लोगों के हितों के रक्षा करना। इस मौके पर पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहे। 

    कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में कुछ महीने में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। राज्य की कानून व्यवस्था को देखना पंजाब सरकार का काम है। पंजाब ने वैसे ही आतंकवाद का दंश झेला है। इसका पंजाब को बहुत नुकसान हुआ है। अब पंजाब के लोग फिर ऐसा माहौल नहीं चाहते। 

    कैप्टन ने कहा कि सब जानते हैं कि पाकिस्तान पंजाब में आतंकवाद फैला रहा है। आये दिन पाकिस्तान से ड्रोन भेजे जा रहे हैं। कैप्टन ने कहा कि जब उनकी सरकार थी तब भी ड्रोन आते थे। उन्होंने यह मुद्दा उठाया, लेकिन कुछ लोग कहते थे कि कैप्टन को सिर्फ ड्रोन दिखते हैं। उन्होंने कहा कि अब ड्रोन और अंदर घुसने लगे हैं। इनमें हथियार व नशा आ रहा है। यह राज्य के लिए खतरनाक है। 

    कैप्टन ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखना राज्य सरकार का काम है। संविधान के मुताबिक कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। अगर राज्य सरकार इसमें विफल रहती है तो केंद्र सरकार लोगों के हितों की रक्षा करेगी। 

    कल पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा कैप्टन अमरिंदर सिंह को नकली सीएम कहे जाने पर कैप्टन ने कहा कि वह साढ़े नौ साल चीफ मिनिस्टर रहे। अगर वह नकली थे तो पहले क्यों नहीं हल्ला मचाया। कैप्टन ने कहा कि यह सब ड्रामेबाज हैं। 

    कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में आज भाजपा में पटियाला के मौजूदा मेयर संजीव शर्मा समेत डिप्टी मेयर और कई पार्षद भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आए नेता भाजपा में शामिल हुए।