पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत सभी मंत्री फेल : सांपला
भाजपा के पंजाब प्रधान विजय सांपला ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार सभी मोर्चे पर फेल रही है। सीएम अमरिंदर सिंह सहित सभी मंत्री फेल रहे हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस सरकार का एक साल पूरा होने पर भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमङ्क्षरदर सिंह समेत सभी मंत्रियों को फेल बताया है। भाजपा के प्रदेश प्रधान विजय सांपला ने कहा कि हमने सरकार के कार्य का तीन चीजों पर मूल्यांकन किया गया है। पहला गवर्नेंस (मंत्रियों की कार्यप्रणाली) कैसी रही, चुनावी वायदे कितने पूरे किए और तीसरा लोक भलाई के लिए नया कदम क्या उठाए। कैप्टन सरकार सभी फ्रंट पर विफल रही है।
सांपला ने कहा कि सही मायने में कैप्टन का एक साल धोखे, विश्वासघात, उम्मीद तोड़ने, सपनों को चूर-चूर करने का रहा है। इन 365 दिनों में कैप्टन अमरिंदर, उनके मंत्री व कांग्रेसी नेताओं ने यदि कुछ किया है तो वह है, गुंडा टैक्स वसूलने का, अपने विरोधियों को पीटने का, राजनीतिक बदलाखोरी का, लूटपाट का, बिजली कटों का, धरना-प्रदर्शन का, रोड जाम का, महिलाओं पर अत्याचार का, बेअदबी, संसदीय मर्यादाओं को तार-तार करने का।
सांपला ने कहा कि एक साल में 430 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। नशे का व्यापार पंजाब में बदस्तूर जारी है। यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेसी विधायक सुरजीत धीमान, यूके की एमपी प्रीत कौर गिल तथा हाईकोर्ट और स्वयं कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मान चुके हैं।
यह भी पढ़ें: नई पार्टी बना सकते हैं बागी आप नेता, आज बड़ी घोषणा की संभावना
उन्हाेंने कहा कि घर-घर रोजगार तो क्या देना था उलटा सरकार ने थर्मल प्लांट, सुविधा केंद्र और कई सरकारी स्कूल बंद कर अद्र्ध सरकारी, सरकारी और कच्चे मुलाजिमों के रोजगार छीन लिए। पंजाब में 18 लाख युवा हैं और सरकार के अनुसार सितंबर 2017 में 27 हजार तथा मार्च 2018 में 9500 लोगों को नियुक्ति पत्र दिए हैं। इससे पता चलता है कि सरकार ने घर-घर रोजगार दिया या नहीं, वैसे तो सरकार के आंकड़े संदेहस्पद है, क्योंकि इनकी सूची सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पंजाब आप में भूचाल ; भगवंत मान व अरोड़ा का इस्तीफा, 15 MLA ने की बगावत
सांपला ने कहा कि वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल भी फेल हैं। पंजाब सरकार के खाते फ्रिज हुए, जीएसटी पूरे देश में लागू हुआ है तो सिर्फ पंजाब सरकार ही चार-चार महीने वेतन लेट क्यों कर रही। केंद्र सरकार से पैसा आने के बावजूद पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप या अन्य केंद्रीय स्कीमों के पैसे नहीं दिए गए। सभी सरकारी योजनाएं बंद हैं और वित्तमंत्री कहते हैं अफसरों को अंग्रेजी समझ नहीं आती। इस मौके पर उनके साथ पंजाब भाजपा के सचिव विनीत जोशी भी मौजूद थे।