मंत्रिमंडल की बैठक आज, कर्मचारियों को मिल सकता है दीपावली का तोहफा
पंजाब मंत्रिमंडल की आज मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में बैठक होगी। इसमें राज्य के कच्चे कर्मचारियों को दीपावली के तोहफे के तौर पर पियमित करने का फैसला हो सकता है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक आज शाम में होगी। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय किए जा सकते हैं। बताया जाता है कि सरकार राज्य के कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा दे सकती है। बैठक में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का निर्णय किए जाने की संभवना है।
माना जा रहा है कि बैठक में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल की अगुवाई में बनाई गई कैबिनेट की सब कमेटी की रिपोर्ट आएगी। पंजाब सरकार 25 हजार कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने का विचार कर रही है। इसके लिए विभिन्न विभागों से सरकार ने कच्चे मुलाजिमों की रिपोर्ट ले ली है और कैबिनेट सब कमेटी की बैठक के बाद इसकी रिपोर्ट भी लगभग तैयार है।
पढ़ें : 'आप' ने घोषणापत्र में वादों की झड़ी, केजरी ने कहा- यह जनता से हमारा समझौता
आज होने वाली बैठक में यह रिपोर्ट पेश किए जाने की उम्मीद है। कच्चे कर्मचारियों का पूरे पंजाब में धरना-प्रदर्शन चल रहा है। ऐसे में आगामी चुनाव को देखते हुए सरकार जल्द से जल्द इस मामले को सुलझाना चाहती है। सरकार इस बारे में कदम उठा कर चुनाव में भी इसका लाभ लेना चाहती है। कच्चे मुलाजिमों को लेकर दो बार पहले ही कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श हो चुका है, लेकिन कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सकता।
पढ़ें : केजरीवाल को लुधियाना में दिखाए काले झंडे, जारी किया इंडस्ट्री मेनिफेस्टो