Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    BJP in Punjab: पंजाब में भाजपा ने शुरू की 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी, बनाई खास रणनीति

    By Sunil Kumar JhaEdited By:
    Updated: Fri, 12 Aug 2022 04:13 PM (IST)

    BJP in Punjab पंजाब में भाजपा ने अभी से 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा ने खास रणनीति बनाई है। इसके तहत केंद्रीय मंत्रियों के राज्‍य के लोकसभा क्षेत्रों में रात्रि प्रवास होंगे। कल केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंंत्री मांडविया लुधियाना में प्रवास करेंगे।

    Hero Image
    पंजाब में भाजपा अभी से 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। (फाइल फोटो)

    चंडीगढ़ , [कैलाश नाथ]। BJP in Punjab: भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में अभी से 2024 में होनेवाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए पार्टी ने खास रणनीति बनाई है। इसके तहत राज्‍य के लोकसभा क्षेत्रों में केंद्रीय मंत्रियों के दौरे होंगे और वे वहां रात्रि प्रवास करेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया कल 13 अगस्त को लुधियाना में रात्रि प्रवास करेंगे। इससे पहले भी अन्‍य केंद्रीय मंत्रियों के राज्‍य के अन्‍य लोकसभा क्षेत्रों में रात्रि प्रवास हो चुके हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया कल लुधियाना में करेंगे रात्रि प्रवास

    लुधियाना प्रवास के प्रवास के दौरान मनसुख मांडविया भाजपा के कार्यकर्ताओं से लेकर उद्यगपतियों तक से मुलाकात करेंगे। केंद्रीय मंत्री का यह दौरा भाजपा द्वारा राज्य के नौ लोकसभा क्षेत्रों में किए जा रहे रात्रि प्रवास का हिस्सा है। इससे पहले 8 से 10 जुलाई को तीन केंद्रीय मंत्री पहले ही तीन दिनों तक तीन लोक सभा क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर चुके है।

    शिअद से गठबंधन टूटने के बाद लोकसभा क्षेत्रों में पैठ बनाने में जुटी भाजपा

    बता दें कि पंजाब में भाजपा ने 2019 व उससे पहले लोकसभा चुनाव शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर लड़ा था। अब उसका शिअद से गठबंधन टूट चुका है। ऐसे में भाजपा ने 2024 में पंजाब की सभी लोकसभा क्षेत्रों में पैठ बनाने और चुनाव लड़ने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए बनाई गई रणनीति के तहत भाजपा ने केंद्रीय मंत्रियों को रात्रि प्रवास पर भेजने का क्रम शुरू किया है।

    भाजपा यह मान रही है कि केंद्रीय मंत्रियों के आने व रात उसी क्षेत्र में गुजारने से न सिर्फ पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा बल्कि केंद्रीय टीम के साथ तालमेल भी स्‍थापित होगा। इसका लोकसभा चुनाव में लाभ होगा।  मंडाविया का यह दौरा उस समय हो रहा है जब भाजपा की पूर्व सहयोगी पार्टी शिरोमणि अकाली दल का ढांचा भंग है और वह अंतरकलह की आग में झुलस रही है। इसके लिए शिरोमणि अकाली दल सीधे-सीधे रूप से भारतीय जनता पार्टी को दोषी ठहरा रही है।

    बीते कल शिरोमणि अकाली दल के नेता विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी देश में क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व खत्म करने की कोशिश कर रही है। महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ उसने ऐसा ही किया। भाजपा की बिहार में भी यही कोशिश थी लेकिन नीतीश कुमार ने समय रहते खुद को संभाल लिया। वहीं, दूसरा पहलू यह भी है कि लुधियाना लोक सभा क्षेत्र में ही आने वाले दाखा विधान सभा से अकाली दल के विधायक मनप्रीत अयाली की भाजपा के साथ बैठकें चल रही है।

    वल्टोहा ने तो साफ-साफ कहा था कि अयाली भाजपा के नेता मनजिंदर सिरसा के साथ मेलजोल बढ़ा रहे हैं। इन सारे घटनाक्रम के बीच केंद्रीय मंत्री का लुधियाना दौरा महज एक इत्तेफाक नहीं हो सकता है। भाजपा के महासचिव जीवन गुप्ता का कहना है कि केंद्रीय मंत्री सुबह साढ़े नौ बजे वंदे भारत ट्रेन से लुधियाना पहुंचेंगे। वह दो दिनों तक लुधियाना में रहेंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य संगठनों के साथ बैठकें करेंगे। 14 अगस्‍त को वह वंदे भारत ट्रेन से ही वापस लौट जाएंगे।