विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'1984 के पीड़ितों से कब मांगेंगे माफी...', भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद का राहुल गांधी की इंसाफ रैली पर पलटवार

Published: Wed, 04 Nov 2026 05:23 PM (IST)

संगरूर में कांग्रेस की रैली पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया। भाजपा नेताओं ने 1984 सिख दंगों का मुद्दा उठाते ...और पढ़ें

पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद सम्मेलन में बोलते हुए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद सम्मेलन में बोलते हुए।

HighLights

  1. भाजपा ने चंडीगढ़ में 'जख्म 84 दे' सम्मेलन किया।

  2. रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी से माफी की मांग की।

  3. कांग्रेस पर 1984 के दोषियों को बचाने का आरोप।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से संगरूर में चुनावी अभियान की शुरुआत करने के साथ ही 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा फिर गरमा गया है। बुधवार को भाजपा ने चंडीगढ़ में 'जख्म 84 दे' नाम से सम्मेलन आयोजित कर कांग्रेस को घेरा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी से सवाल किया कि वह अपने पिता और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 1984 के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करें। उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी और उनके परिवार ने अब तक देश से ईमानदारी से माफी क्यों नहीं मांगी?

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पंजाब की आत्मा पर आज भी दो गहरे जख्म हैं। पहला 1984 के सिख विरोधी दंगे और दूसरा नशे की समस्या। इन दोनों जख्मों को बिना निष्पक्ष न्याय के नहीं भरा जा सकता। उन्होंने 19 नवंबर 1984 को राजीव गांधी की ओर से दिए गए उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। प्रसाद ने कहा कि यह बयान हजारों निर्दोष सिखों की हत्या को सही ठहराने जैसा था।

यह भी पढ़ें- 'पीएम मोदी मेरे साथ बैठ डिबेट करें, पता चलेगा देशद्रोही कौन...', संगरूर में इंसाफ रैली में गरजे राहुल गांधी

भाजपा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहते हुए उन्होंने राजीव गांधी के इस भाषण का वीडियो सार्वजनिक अभिलेखों में दोबारा उपलब्ध करवाया था। प्रसाद ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने चार दशक तक सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर और कमलनाथ जैसे नेताओं को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने कांग्रेस की कार्यशैली को 'लटकाना, भटकाना और झटकाना' करार दिया।

प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने जांच के लिए कई आयोग बनाए, लेकिन पीड़ितों को न्याय दिलाने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने एसआइटी गठित की और जस्टिस ढींगरा की सिफारिशों को लागू किया, जिसके बाद सज्जन कुमार जैसे आरोपितों को सजा मिल सकी। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता एचएस फूलका के लंबे कानूनी संघर्ष की भी सराहना की।

राहुल की रैली पर भी उठाए सवाल

रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के कार्यक्रमों की तारीख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस ने रैली की और चार नवंबर को पंजाब में राजनीतिक कार्यक्रम किया जा रहा है। ऐसे समय में 1984 के पीड़ित परिवारों के जख्मों को कुरेदना उचित नहीं है। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने बुधवार को संगरूर में 'हिसाब मांगो' रैली के साथ पंजाब में कांग्रेस के 2027 के चुनावी अभियान की शुरुआत की।

यह भी पढ़ें- कौन हैं अमनदीप कौर? जिनके घर ED ने की छापामारी; सरकारी जमीन और फर्जी इंतकाल से जुड़ा है मामला

पीड़ित परिवारों के सामने लगाई गई फोटो प्रदर्शनी

सम्मेलन की शुरुआत 1984 में मारे गए लोगों की आत्मिक शांति और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अरदास से हुई। इसके बाद रविशंकर प्रसाद, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डा सतीश पूनिया ने नवंबर 1984 की घटनाओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इसमें त्रिलोकपुरी में जलते मकानों, कनाट प्लेस में जली दुकानों और हिंसा के कारण उजड़े परिवारों की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 42 साल बाद भी राजीव गांधी का बयान सिख समुदाय के जख्मों को ताजा कर देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा 1984 को न भूली है और न ही इसे भुलाने देगी।

राहुल गांधी संगरूर में इंसाफ की बात कर रहे हैं, जबकि पंजाब के लोग जानते हैं कि जिनके शासनकाल में ये जख्म मिले, उनसे न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंतिम दोषी को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।

यह भी पढ़ें- पंजाब में 1984 के दंगों पर सियासी संग्राम, संगरूर से राहुल गांधी भरेंगे हुंकार; BJP 'जख्म 84 दे' से करेगी घेराबंदी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।