'दोनों का गठबंधन अवसरवादी, पंजाब के लोग भूलेंगे नहीं पुराना कार्यकाल', अकाली दल और भाजपा पर बरसे मुख्यमंत्री मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अकाली-भाजपा गठबंधन पर हमला बोलते हुए इसे परिवार और कुर्सी बचाने का समझौता बताया। उन्होंने कहा कि उनका गठबंधन पंजाब के सवा तीन करोड़ लोगों के साथ है।
HighLights
मान ने अकाली-भाजपा गठबंधन को अवसरवादी करार दिया।
किसान आंदोलन, चंडीगढ़, BBMB मुद्दों पर सवाल उठाए।
आप का गठबंधन पंजाब के आम लोगों के साथ।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अकाली दल और भाजपा के पुराने राजनीतिक बयानों, किसान आंदोलन के दौरान दोनों दलों के रुख और सत्ता में रहते हुए उनके कार्यकाल पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन पंजाब को बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन और परिवार को बचाने के लिए हुआ है। मान ने कहा कि इन दलों को लगता है कि पंजाब के लोग कुछ समय बाद पुरानी बातें भूल जाते हैं और उन्हें फिर से मूर्ख बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने तीन कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार ये कानून लेकर आई थी तो बादल परिवार के सभी सदस्य इनके समर्थन में बोल रहे थे और इन्हें बहुत अच्छे कानून बता रहे थे। जब किसान आंदोलन चरम पर पहुंचा और उसे पूरी दुनिया से समर्थन मिलने लगा तो अकाली दल को लगा कि पंजाब में राजनीतिक रूप से टिकना मुश्किल हो जाएगा।
इसके बाद हरसिमरत कौर बादल से इस्तीफा दिलवाकर इन कानूनों के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया गया। भाजपा को किसान विरोधी बताया जाने लगा और अकाली दल ने इसे अपनी कुर्बानी के रूप में पेश किया। मान ने आरोप लगाया कि उस समय भी लोगों को समझ आ गया था कि दोनों दलों के बीच अंदरखाते बातचीत चल रही थी और एक-दूसरे से दूरी दिखाना केवल जनता को दिखाने के लिए था।
यह भी पढ़ें- अकाली-भाजपा गठबंधन पर भड़का विपक्ष, केजरीवाल बोले- सत्ता के लिए आए साथ; कांग्रेस नेताओं ने कसा डूबती नैया का तंज
चंडीगढ़ और BBMB का उठाया मुद्दा
भगवंत मान ने भाजपा के उन पुराने बयानों का भी जिक्र किया, जिनमें चंडीगढ़ में पंजाब विधानसभा बनाने और उसे दिल्ली की तरह अलग राज्य बनाने की बात कही गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब से चंडीगढ़ को राजधानी का दर्जा छीनना चाहती थी। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ने यूनिवर्सिटी की सिंडिकेट बदलकर वहां आरएसएस से जुड़े व्यक्ति को नियुक्त करने की बात कही थी।
मुख्यमंत्री ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने बोर्ड में अपने लोगों को नियुक्त कर पंजाब के पानी को हरियाणा और राजस्थान भेजने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़कर उन्होंने BBMB को बचाया था और वह खुद नंगल डैम पर गए थे।
उन्होंने 26 जनवरी और 15 अगस्त को दिल्ली में निकलने वाली परेड का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की ओर से यह भी कहा गया था कि इसमें पंजाब की झांकी नहीं होगी। मान ने कहा कि इन मुद्दों पर अकाली दल भाजपा के खिलाफ संघर्ष करने और कुर्बानी देने की बातें करता रहा, लेकिन अब उसी पार्टी के साथ गठबंधन कर लिया है।
सिख संस्थाओं को लेकर भी अकाली दल को घेरा
मान ने सिख संस्थाओं को लेकर भी अकाली दल को घेरा। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि वह आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा आरएसएस की मदद से सिख संस्थाओं पर कब्जा कर रही है। उन्होंने महाराष्ट्र में हजूर साहिब कमेटी, पटना साहिब कमेटी, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और हरियाणा की अलग गुरुद्वारा कमेटी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल खुद इन संस्थाओं पर भाजपा के कब्जे की बात करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दो दिसंबर को जारी हुए ऐतिहासिक हुकमनामे का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सुखबीर बादल ने जत्थेदार साहिबान पर भाजपा के इशारे पर काम करने के आरोप लगाए थे।
मान ने सवाल किया कि जो पार्टी और नेता कल तक भाजपा पर सिख संस्थाओं में दखल देने के आरोप लगा रहे थे, वे आज उसी भाजपा के साथ गठबंधन किस मुंह से कर रहे हैं? उन्होंने अकाली दल से पूछा कि क्या उसे अपने पुराने बयानों को लेकर थोड़ी भी शर्म और संकोच नहीं है।
यह भी पढ़ें- 'अकाली दल से होगा सीएम चेहरा', पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा एलान
नशे और बेअदबी का मुद्दा भी उठाया
मुख्यमंत्री ने 2007 से 2017 तक पंजाब में रही अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या इसी गठबंधन सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई और वर्ष 2015 में बेअदबी की घटनाएं भी इसी शासनकाल में हुईं। उन्होंने सवाल किया कि जिस गठबंधन के शासनकाल में ये घटनाएं हुईं, वह अब किस आधार पर पंजाब को बचाने की बात कर रहा है।
मान ने अकाली दल और भाजपा के बीच बार-बार गठबंधन टूटने और जुड़ने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कभी दोनों दल नौ महीने के रिश्ते की बात करते हैं, कभी गठबंधन तोड़ देते हैं और कभी फिर साथ आ जाते हैं। कुछ समय पहले तक अकाली दल सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, लेकिन अब भाजपा के साथ गठबंधन कर पंजाब को बचाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने इसे राजनीतिक जमीन और कुर्सी बचाने का समझौता बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब से नशा खत्म करने की बात कर रही है और 31 दिसंबर 2029 तक राज्य को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रख रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अमित शाह और सुखबीर बादल एक साथ मंच साझा करेंगे और बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ भी राजनीतिक समीकरण बनेंगे तो भाजपा किस तरह नशे के खिलाफ अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ नशा खत्म करने की बात की जा रही है और दूसरी तरफ ऐसे राजनीतिक समीकरण बनाए जा रहे हैं।
नेताओं के एक मंच पर आने पर भी तंज
भगवंत मान ने भाजपा के कार्यक्रम में एक साथ नजर आए नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, केवल सिंह ढिल्लों, मनप्रीत बादल, रवनीत सिंह बिट्टू, सुखबीर सिंह बादल, दलजीत सिंह चीमा, अमित शाह, तरुण चुघ और अश्वनी कुमार एक ही मंच पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें आधे से ज्यादा नेता कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और अब अकाली दल भी भाजपा के साथ आ गया है। ऐसे में ये सभी नेता मिलकर किस पंजाब को बचाने की बात कर रहे हैं?
AAP का गठबंधन पंजाब के लोगों के साथ
मुख्यमंत्री ने भाजपा-अकाली दल गठबंधन के मुकाबले आम आदमी पार्टी के राजनीतिक रिश्तों को जनता से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब की माताओं और बेटियों, किसानों, आम लोगों, युवाओं, कर्मचारियों और गरीबों के साथ है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों को दिन में खेती के लिए बिजली और नहरों का पानी मिल रहा है। राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली का बिल नहीं देना पड़ता।
मान ने कहा कि आम लोगों को मोहल्ला क्लीनिक और 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा दी जा रही है, ताकि बीमारी की स्थिति में उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने युवाओं को 70 हजार से अधिक नौकरियां दी हैं और किसी से एक रुपये की रिश्वत नहीं ली गई। उन्होंने इसके लिए 'नो कैश, नो फर्माइश' का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठबंधन उन हजारों अभिभावकों के साथ है जिनके बच्चों को स्कूल ऑफ एमिनेंस में बेहतर शिक्षा मिल रही है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे नीट और अन्य बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन पंजाब के सवा तीन करोड़ लोगों के साथ है, जबकि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन केवल सत्ता और कुर्सी के लिए है।
20 साल तक सत्ता में रहे, तब क्यों नहीं बचाया पंजाब
भगवंत मान ने अपने वीडियो में पंजाब की राजनीति के पिछले दो दशकों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 से 2022 तक के 20 वर्षों में अकाली दल और कांग्रेस की सरकारें सत्ता में रहीं। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल की सरकारें बनीं।
वर्ष 2007 से 2017 तक अकाली दल और भाजपा ने मिलकर सरकार चलाई। उन्होंने सवाल किया कि यदि इन दलों के पास पंजाब को बचाने का कोई रोडमैप था तो उन्होंने अपने शासनकाल में इसे लागू क्यों नहीं किया?
उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों को पंजाब के लिए कुछ करना था, वे सत्ता में रहते हुए कर सकते थे। आज उनके पास न तो कोई ताकत है और न ही पंजाब के लिए कोई रोडमैप। वे केवल अपनी कुर्सी और खोई हुई राजनीतिक जमीन बचाने के लिए एक-दूसरे के साथ आ रहे हैं।
जनता के दरवाजे खटखटाएगी 'आप'
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लोगों के फोन और मैसेज आ रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि जिन दलों को पहले वोट नहीं मिलने थे, उन्हें अब भी वोट नहीं मिलने वाले। इसलिए भाजपा और अकाली दल का आपसी समझौता चलता रहेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन दलों को लगता है कि पंजाब के लोग कुछ समय बाद पुरानी बातें भूल जाएंगे और वे कभी इधर तो कभी उधर जाकर जनता को गुमराह कर लेंगे।
अंत में मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी आम लोगों, गरीबों, कर्मचारियों और युवाओं की पार्टी है। उनकी सरकार ने लोगों को जो योजनाएं और सुविधाएं दी हैं, उन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता के बीच जाकर अपनी सरकार के काम गिनाएगी और लोगों के दरवाजे खटखटाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।