पंजाब चुनाव से पहले पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने जारी किया वीडियो संदेश, केंद्र सरकार पर किया बड़ा हमला
Punjab Election 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव के पहले पूर्व पीएम डा. मनमोहन सिंह ने वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें मनमोहन सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि पंजाब और पंजाबियत को बदनाम किया जा रहा है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव से तीन दिन पहले पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। अपने संदेश की शुरुआत डा. मनमोहन सिंह ने प्यारे पंजाबियों से की।
डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि वह विधानसभा चुनावों में जनता के बीच आकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन डाक्टरों की सलाह के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। डा. मनमोहन सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने सभी संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया है। एक साल से चीनी फौज भारत की जमीन पर बैठी है। देश के अंदर ही नहीं विदेश नीति के मोर्चे पर भी केंद्र सरकार फेल हो रही है।
पंजाब की जनता के नाम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का संदेश। pic.twitter.com/EYkPWZObo2
— Congress (@INCIndia) February 17, 2022
डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि उन्होंने कम बोला, लेकिन उनका काम बोला। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं किए जा सकते। डा. मनमोहन सिंह ने कहा की देश में अंग्रेजों की बांटों और राज करो की नीति चल रही है। सरकार अपने स्वार्थ के लिए लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांट रही है। उन्हें आपस में लड़वाया जा रहा है। सरकार आंकड़ों के साथ धोखा कर सबकुछ ठीक बता रही है।
डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि चुनावी माहौल में पंजाब की जनता के सामने बड़ी चुनौतियां है। इनका मुकाबला ठीक से करना होगा। कांग्रेस पंजाब में किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी को दूर कर सकती है। डा. सिंह ने कहा कि केंद्र ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के नाम पर पंजाब व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बदनाम करने की कोशिश की। किसान आंदोलन के दौरान भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने की कोशश की गई। पंजाब की धरती पर पैदा हुए सच्चे देशवासी के नाते उन्हें इससे बहुत दुख हुआ।
मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार को आर्थिक नीति की समझ नहीं है। कोरोना के समय केंद्र की खराब नीतियों के कारण लोग बेरोजगार हुए। लोगों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा और महंगाई बढ़ी। सरकार अपनी सरकार की नीतियों की गलती मानने के बजाय देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है। पूर्व पीएम ने कहा कि बिन बुलाए बिरयानी खाने और नेताओं को गले लगाने से रिश्ते नहीं सुधरते हैं। इस सरकार का नकली राष्ट्रवाद जितना खोखला है, उतना ही खतरनाक है। मनमोहन सिंह ने कहा कि इनका राष्ट्रवाद अंग्रेजों की बांटों और राज करो की नीति पर टिका है। संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।