'मुख्यमंत्री जिस भाषा में बोलेंगे, भाजपा दो गुना बढ़ाकर...', बीजेपी के कार्यकारी प्रधान ने CM मान पर बोला हमला
भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा ने पदभार संभालते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भाषा की मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने बेअदबी मामले चुनावी वादों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा। शर्मा ने लॉरेंस विश्नोई मामले पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार इन मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने रविवार को पार्टी दफ्तर में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। इस मौके पर प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू, राष्ट्रीय मंत्री भाजपा सरदार नरेंद्र सिंह रैना, मेंबर संसदीय बोर्ड भाजपा इकबाल सिंह लालपुरा, राज्य सभा सांसद सरदार सतनाम संधू, प्रदेश महामंत्री संगठन मंथरी श्रीनिवासलु समेत बड़ी संख्या में नेता मौजूद थे। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अश्वनी शर्मा ने कहा कि राजनीति में भाषा की एक मर्यादा होती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी है।
मुख्यमंत्री ने मर्यादाएं लांघी है- अश्वनी शर्मा
कार्यकारी प्रधान ने कहा, प्रधानमंत्री कोई एक व्यक्ति नहीं। वह देश के हैं। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। चूंकि मुख्यमंत्री ने मर्यादाएं लांघी है। इसलिए भाजपा अब उन्हें दो से गुणा करके उसी भाषा में जवाब देगी। अश्वनी शर्मा ने कहा कि आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी को चढ़े हुए जवाब से उतार दिया गया। हम चुप थे, क्योंकि हम पंजाब को अपमानित होते नहीं देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बेअदबी मामले में सजा का प्रावधान करने के लिए विशेष सत्र बुलाते हैं लेकिन बेअदबी करने वाले तो वो खुद ही। लोग भूले नहीं हैं जब सांसद होते हुए वह बेसुधी के स्थिति में गुरुद्वारा साहिब गए थे। भगवंत मान बताएं कि 12 जनवरी, 2022 को बेअदबी पर अरविंद केजरीवाल,द्वारा किए गए वायदे को पूरा करने से किसने रोका जिसमे केजरीवाल ने कहा था ‘30 दिनों में बरगाड़ी और सभी बेअदबी मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए इंसाफ मिलेगा।’
नशा को लेकर भी बोला हमला
अश्वनी शर्मा ने कहा कि आप पार्टी का प्रमुख चुनावी वायदा कि सत्ता मिलते ही 30 दिन में नशा खत्म करेंगे की विफलता को छुपाने के लिए सर्कस करते हुए मान युद्ध नशे विरुद्ध चला ध्यान भटका रहे हैं । नशे कारोबार में संलिप्त बड़ी मछलियों को पकड़ने का वायदा किया और जब राज्य सभा सांसद राघव चढ़ा पर आप पार्टी के विधायक ने आरोप लगाए तो ध्यान भटकाने के लिए युद्ध नशे विरुद्ध चला दिया ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान से कोई यह न पूछे कि पंजाब विधानसभा में जिन कांग्रेस के चार बड़े नेताओं के भ्रष्टाचार के सबूत होने की बात कही उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही इसलिए भ्रष्टाचार पर सर्कस कर रहे हैं। बीबीएमबी के मुद्दे पर पंजाबी यह न पूछें कि पिछले तीन सालों में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में पंजाब के कोटे के 2550 पद क्यों नहीं भर पाई, इसलिए केन्द्रीय सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही सुरक्षा को मुद्दा बनाया जा रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई को लेकर भी दिया बयान
लॉरेंस बिश्नोई को लेकर अश्वनी शर्मा ने कहा, लॉरेंस का जेल में साक्षात्कार किसने करवाया था। मुख्यमंत्री तो साफ ही मुकर गए थे कि विश्नोई का पंजाब की जेल में साक्षात्कार नहीं हुआ। पहले अबोहर में व्यापारी की गोली मार कर हत्या की गई, मोगा में डॉक्टर को गोली मार कर घायल किया गया अब अमृतसर में अस्पताल पर गोलियां चलाई गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।