AAP का दावा, चंडीगढ़ में उनकी मांग पर शुरू हुई एंटी करप्शन हेल्पलाइन, आने लगी शिकयतें, होगा बड़ा खुलासा
चंडीगढ़ में एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर शुरू हुए अभी दो दिन ही हुए हैं और इस नंबर पर शिकायतें भी आनी शुरू हो गई हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि उनकी मांग पर यह हेल्पलाइन नंबर शुरू किया गया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। यूटी प्रशासन के विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) का दावा है कि उनकी मांग पर यह हेल्पलाइन शुरू की गई है। हाल ही में सलाहकार धर्मपाल ने आइएएस यशपाल गर्ग को विजिलेंस का सचिव बनाया है जिसके तुरंत बाद यह हेल्पलाइन नंबर शुरू किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि अभी से शिकायतें आने लग गई है। प्रशासन का दावा है कि आने वाले सप्ताह के भीतर कोई बड़े मामले का खुलासा किया जाएगा। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित के निर्देश पर प्रशासन ने मंगलवार को एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर 8360817378 जारी किया है। इस नंबर पर लोग वाट्सएप करके भी अपनी शिकायत भेज सकते हैं। इसके अलावा प्रशासन ने ईमेल आइडी भी जारी की है। साथ ही भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए चंडीगढ़ में विजिलेंस विभाग को भी अब ज्यादा सक्रिय किया है।
आप सह प्रभारी व चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने दिल्ली व पंजाब की तर्ज पर चंडीगढ़ में भी प्रशासन द्वारा एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी करने के लिए प्रशासक का धन्यवाद किया। छाबड़ा ने चंडीगढ़ के लोगों से अपील की है कि वह अब भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर सामने आएं और भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों के चेहरे उजागर करने के लिए हेल्पलाइन नंबर पर बेझिझक होकर शिकायत करें, ताकि चंडीगढ़ में भी सरकारी मशीनरी की भ्रष्ट कार्यप्रणाली पर नकेल डाली जाए सके और चंडीगढ़ में भी भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सके।
छाबड़ा ने प्रशासक को लिखा था पत्र
बता दें कि पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने 29 सितंबर 2022 को प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित को पत्र लिखकर चंडीगढ़ प्रशासन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया था। साथ ही भ्रष्टाचार और भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल डालने के लिए चंडीगढ़ में भी पंजाब व दिल्ली की तरह एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी करने की मांग की थी।
चंडीगढ़ में फैला हुआ भ्रष्टाचार
छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ में भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर फैला हुआ है। ऐसा लगता है कि जैसे अफसरों में भष्टाचार का सरताज बनने की होड़ लगी है। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सकारात्मक कार्रवाई की। इसके तहत एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया, जिस पर भ्रष्टाचार की बढ़ती बीमारी से त्रस्त लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर रिपोर्ट कर रहे हैं। यह हेल्पलाइन बेहद प्रभावशाली रही है। इससे न केवल प्रशासन भ्रष्टाचार पर नकेल डली है, बल्कि लोगों को भी बड़ी राहत मिल रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।