अमृतसर से कनाडा की सीधी उड़ान का इंतजार बढ़ा, केंद्र ने नहीं दी समयसीमा; एयरलाइंस के फैसले पर टिकी उम्मीद
अमृतसर से कनाडा की सीधी उड़ान शुरू करने पर केंद्र सरकार ने कोई समयसीमा नहीं दी। फैसला एयरलाइंस की मांग, क्षमता, मार्ग की व्यवहार्यता और व्यावसायिक निर्णय पर निर्भर होगा।

अमृतसर का श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट।
HighLights
अमृतसर से कनाडा सीधी उड़ान के लिए इंतजार लंबा हुआ।
केंद्र सरकार ने सीधी उड़ान की समयसीमा नहीं बताई।
एयरलाइंस के व्यावसायिक निर्णय पर निर्भर करेगा सीधा संचालन।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कनाडा के लिए सीधी उड़ान के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। इस मांग के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन भारत और संबंधित देशों के बीच हुए द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौते के तहत होता है।
एयरलाइंस को तय क्षमता सीमा के भीतर अमृतसर समेत किसी भी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कनाडा जैसे देशों के लिए उड़ान संचालित करने की स्वतंत्रता है। हालांकि, सरकार ने अमृतसर-कनाडा सीधी उड़ान शुरू करने की कोई समयसीमा नहीं बताई है।
लोकसभा में अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से अमृतसर एयरपोर्ट की अपर्याप्त अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कनेक्टिविटी को लेकर सवाल पूछा था। उन्होंने विशेष रूप से कनाडा में बसे पंजाबी प्रवासियों की परेशानी का मुद्दा उठाते हुए दिल्ली या विदेशी हब के जरिये यात्रा करने से होने वाली अतिरिक्त परेशानी और खर्च को खत्म करने के लिए सीधी उड़ान शुरू करने के संबंध में जानकारी मांगी थी।
नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने जवाब में बताया कि फिलहाल अमृतसर एयरपोर्ट से शारजाह, बर्मिंघम, लंदन, कुआलालंपुर, दुबई, दोहा और सिंगापुर के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी उपलब्ध है। कनाडा के लिए सीधी उड़ान का संचालन एयरलाइंस की व्यावसायिक क्षमता और उपलब्ध मांग समेत कई कारकों पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़ें- अमृतपाल ने जेल में बंद दो साथियों को दिया टिकट, अजनाला से दलजीत कलसी और मोगा से बुक्कनवाला होंगे प्रत्याशी
28 जुलाई से हब एंड स्पोक सेवा शुरू
सरकार ने अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को कनेक्टिविटी देने के लिए हब एंड स्पोक संचालन शुरू किया है। मंत्रालय के अनुसार अमृतसर एयरपोर्ट से यह व्यवस्था 28 जुलाई 2026 से शुरू की गई। इसके तहत यात्री अमृतसर जैसे स्पोक एयरपोर्ट पर ही चेक-इन, आव्रजन और सीमा शुल्क की औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं। इसके बाद निर्धारित हब एयरपोर्ट के जरिये कनाडा समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक यात्रा कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- बटाला निगम कार्यालय में बम धमकी से हड़कंप, बैठक छोड़कर बाहर भागे अधिकारी; डॉग स्क्वायड ने खंगाला पूरा परिसर
घरेलू उड़ानों का फैसला एयरलाइंस पर
सांसद ने अमृतसर से पूर्वोत्तर, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, चेन्नई और जयपुर के लिए सीधी घरेलू उड़ानों की भी मांग उठाई थी। सरकार ने कहा कि देश में किसी भी स्थान से घरेलू या अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करना संबंधित अनुसूचित एयरलाइंस का व्यावसायिक निर्णय है। इसमें यात्री मांग, स्लॉट की उपलब्धता, मार्ग की आर्थिक व्यवहार्यता और अन्य संबंधित कारकों को ध्यान में रखा जाता है।
मंत्रालय ने साफ किया कि सरकार विमानन क्षेत्र के विकास के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराती है, लेकिन एयरलाइंस की परिचालन योजनाओं में हस्तक्षेप नहीं करती। ऐसे में अमृतसर से कनाडा और अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानों के लिए यात्रियों की मांग और मार्ग की आर्थिक व्यवहार्यता अहम भूमिका निभाएगी।
