विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'करतारपुर साहिब कॉरिडोर और बंदी सिखों के मुद्दे पर अकाली दल के साथ मिलकर निकलेंगे हल', अमित शाह का बड़ा एलान

By Ramanjit Singh MankooEdited By: Anuj Sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 02:51 PM (IST)

गठबंधन के एलान के दौरान अमित शाह ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर जल्द खोला जाएगा। उन्होंने बंदी सिखों के मुद्दे पर भी अकाली दल के साथ चर्चा कर हल निकालने का भरोसा दिया।

दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में मिलते हुए अमित शाह और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल व साथ है नितिन नवीन।

दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में मिलते हुए अमित शाह और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल व साथ है नितिन नवीन।

HighLights

  1. करतारपुर कॉरिडोर जल्द खोलने का आश्वासन, सुरक्षा स्थिति पर नजर।

  2. बंदी सिखों के मुद्दे पर भाजपा-अकाली दल मिलकर चर्चा करेंगे।

  3. गठबंधन पंजाब के विकास और पंथक मुद्दों को सुलझाने हेतु।

रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ़। भाजपा मुख्यालय में आज शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन के एलान के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को लेकर बड़ा बयान दिया। शाह ने कहा कि इतना बड़ा और पवित्र धार्मिक स्थान बंटवारे के समय कांग्रेस की गलतियों की वजह से ही पाकिस्तान में चला गया था। देश के बंटवारे के समय कांग्रेस ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिसका खामियाजा सिख समुदाय को भुगतना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ही 2019 में करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनाकर सिख श्रद्धालुओं की 70 साल पुरानी मांग को पूरा किया।

यह भी पढ़ें- 'अकाली दल से होगा सीएम चेहरा', पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा एलान

कॉरिडोर जल्द खुलेगा- शाह

गृह मंत्री ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बंद रखने का कोई मतलब नहीं है। इसे ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा कारणों के चलते अस्थायी तौर पर बंद किया गया था।

उन्होंने कहा, दोनों तरफ के लोगों की धार्मिक भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। स्थिति सामान्य होते ही कॉरिडोर को फिर से खोल दिया जाएगा। सरकार इस पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा एजेंसियों से बातचीत चल रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: भाजपा-अकाली दल साथ आए, 8 दिसंबर की मोगा रैली में दिखेगी NDA की ताकत

बंदी सिखों के मुद्दे पर भी बात

बंदी सिखों के मुद्दे पर शाह ने कहा कि इस मुद्दे पर दोनों पार्टियां, भाजपा और अकाली दल, बैठकर चर्चा करेंगी और इसका कोई न कोई हल निकाला जाएगा। शाह ने कहा कि अकाली दल के साथ गठबंधन सिर्फ चुनावी नहीं, बल्कि पंजाब के विकास, शांति और पंथक मुद्दों को हल करने के लिए है। बंदी सिखों जैसे संवेदनशील मुद्दे पर केंद्र सरकार सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेगी।

मई 2025 से बंद है कॉरिडोर

बता दें कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर को 7 मई 2025 से सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था। इसके बाद से सिख संगठनों और अकाली दल की ओर से इसे दोबारा खोलने की मांग लगातार उठ रही थी। भाजपा-अकाली दल गठबंधन के ऐलान के साथ ही इस मुद्दे पर शाह के बयान को पंजाब की पंथक राजनीति में बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन तय, दोपहर 1 बजे होगा एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।