विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंजाब विधानसभा चुनाव 2017 : एक चरण में मतदान का सभी दलों ने किया स्‍वागत

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Wed, 04 Jan 2017 01:44 PM (IST)Updated: Wed, 04 Jan 2017 07:28 PM (IST)

पंजाब विधानसभा चुनाव 2017: राजनी‍तिक दलों ने एक चरण में मतदान कराने का स्‍वागत किया है। सभी दलों ने निष्‍पक्ष ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा का सभी दलों ने स्वागत किया है। सभी पार्टियों के नेताओं ने राज्य में एक चरण में चुनाव कराने काे सही कदम बताया है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रधान विजय सांपला और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राज्य मेंं एक साथ सभी सीटों पर मतदान कराना उचित कदम है।

सभी दलों ने कहा है कि वे चुनाव के लिए तैयार हैं और राज्य में स्वच्छ व निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग को पूरा सहयोग देंगे। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सभी सियासी पार्टियों के कार्यकर्ताओं तथा नेताओं से आग्रह किया है कि वह सभी इन चुनावों को अमन, आपसी सद्भावना व रवायती पंजाबी भाईचारक सांझ के वातावरण में पूरा करने में चुनाव आयोग की मदद करें। पंजाबी हमेशा ही अमन, भाईचारक सांझ और स्वस्थ लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इन चुनावों में भी वह इस जज्बे को बरकरार रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सियासी मतभेद होना या उन्हें अपने पूरे जोर से और अपने-अपने ढंग से लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक व्यक्ति और पार्टी का बुनियादी हक है और पंजाब सरकार इस अधिकार का पूरा सम्मान करती हुई इन चुनावों को पूरे अमन निष्पक्ष एवं स्वतंत्र वातावरण में संपूर्ण करने के लिए वचनबद्ध है।

पढ़ें : पंजाबः विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा, एक चरण में 4 फरवरी को मतदान

चुनाव आयाेग द्वारा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने पांच राज्यों में एक साथ विधानसभा चुनाव कराए जाने को सही कदम करार दिया। उन्होंने कहा, पंजाब में एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान कराना स्वागतयोग्य है। हमने चुनाव आयोग से पहले ही इसकी मांग की थी।

कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस चुनाव में शिअद और भाजपा गठबंधन व आम अादमी पार्टी को पराजित कर शानदार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव निष्पक्ष व स्वच्छ तरीके से होंगे।

पढ़ें : चुनाव आयोग का चलने लगा चाबुक, होर्डिंग उतारने सहित कई कार्रवाई

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि चुनाव की घोषणा के साथ ही अब अकाली दल-भाजपा गठबंधन की सरकार के कुशासन के अंत की उलटी गिनती शुरू हो गई है। पंजाब में माफिया राज चल रहा था अौर चुनाव में जीत हासिल कर आप इसका अंत करेगी।

उन्होंने राज्य में एक चरण में विधानसभा चुनाव की घोषणा करने का स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि आयोग को निष्पक्ष और स्वच्छ चुनाव के लिए पुख्ता कदम उठाना चाहिए। उन्होेंने कहा कि चुनाव में असली मुकबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच होगा।

भाजपा के प्रदेश प्रधान और केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने भी राज्य विधानसभा चुनाव एक चरण में कराए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा-शिअद गठबंधन एक बार फिर जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाएगी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि एक चरण में चुनाव कराने की घाेषणा सही निर्णय है। इसके साथ ही चुनाव आयोग को राज्य में चुनाव निष्पक्ष और स्वच्छ तरीके से कराना सुनिश्चित करना चाहिए।