Air Pollution: गुरुपर्व की संध्या पर रिकार्ड स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, अमृतसर, जालंधर से जहरीली चंडीगढ़ की हवा
Air Pollution चंडीगढ़ की आबोहवा पंजाब और हरियाणा के जिलों के मुकाबले ज्यादा खराब हो रही है। गुरुपर्व की संध्या पर तो शहर के हालात सबसे ज्यादा खराब हो गए। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 पहुंच गया था।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। गुरुपर्व के अवसर पर शहर में देर शाम को एयर क्वालिटी इंडेक्स 240 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। गुरुपर्व पर शहर में हुई आतिशबाजी और पड़ोसी राज्यों में पराली जलने की वजह से अचानक प्रदूषण स्तर बिगड़ता नजर आया।
पंचकूला में एक्यूआइ 199 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। शहर में चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से लगाए गए तीन स्टेशन पर एयर क्वालिटी इंडेक्स की अगर बात करें तो मंगलवार देर शाम सात बजे सेक्टर-25 के स्टेशन पर 177, सेक्टर-22 के स्टेशन पर 246 और सेक्टर-53 के स्टेशन पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 298 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया।
सबसे ज्यादा रिकार्ड तोड़ प्रदूषण स्तर शहर के दक्षिणी इलाके में देखा गया। इसका प्रमुख कारण गुरुपर्व पर हुई आतिशबाजी और शहर के दक्षिणी छोर से सटे पंजाब में पराली जलाने की वजह से प्रदूषण स्तर में अचानक बदलाव देखने को मिला।
पंजाब में इस बार 30.87 फीसद कम जली पराली
पीजीआइ चंडीगढ़ के पर्यावरण विशेषज्ञ प्रोफेसर रविंदर खाईवाल ने बताया पंजाब में वर्ष 2012 से 2021 तक हर साल औसतन 49,576 जगहों पर पराली जलती पाई गई। वर्ष 2022 में अब तक औसतन 31,015 जगहों पर पराली जली है, जबकि वर्ष 2021 में पंजाब में औसतन 44,870 जगहों पर पराली जलती पाई गई थी। ऐसे में वर्ष 2021 के मुकाबले इस साल पंजाब में अभी तक 30.87 फीसद पराली कम जली है।
हरियाणा में इस बार 53.87 फीसद कम जली पराली
प्रोफेसर रविंदर खाईवाल ने बताया हरियाणा की अगर बात करें तो वर्ष 2012 से 2021 तक हर साल औसतन 6,972 जगहों पर पराली जलती पाई गई। वर्ष 2021 में हरियाणा में 6,741 जगहों पर औसतन पराली जलती पाई गई। वर्ष 2022 में अब तक हरियाणा में 3,109 जगहों पर पराली जलती पाई गई है, जो कि वर्ष 2021 के मुकाबले हरियाणा में अभी तक 53.87 फीसद पराली कम जली है।
पंजाब हरियाणा के जिलों का एक्यूआइ
हरियाणा के अंबाला 293, अमृतसर 129, बठिंडा 108, बद्दी 164, जालंधर 187, करनाल 263, लुधियाना 347, पंचकूला 199, पटियाला 258, सोनीपत 316, यमुनानगर 214
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।