Air Pollution: छंट गए प्रदूषण के काले बादल, एक महीने में पहली बार चंडीगढ़ का एक्यूआइ 100 से नीचे
Air Pollution Chandigarh चंडीगढ़ पर 20 दिनों से मंडरा रहे प्रदूषण के काले बादल अब छंट गए हैं। अब शहर में फिर से साफ हवा बहने लगी है। आप अब खुलकर सांस ले सकते हैं। चार दिन पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 461 तक पहुंच गया था।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पर 20 दिनों से मंडरा रहे प्रदूषण के काले बादल अब छंट गए हैं। अब शहर में फिर से साफ हवा बहने लगी है। आप अब खुलकर सांस ले सकते हैं। चार दिन पहले जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल शहर का बढ़कर 461 तक पहुंच गया था। अब वह ग्रीन जोन में आ चुका है। जिसे बेहतर माना जाता है।
महीने बाद चंडीगढ़ का एक्यूआइ 100 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से नीचे आया है। जो पूरे शहर के लिए राहत की खबर है। रविवार को यह काम होकर 100 से नीचे आ गया। चंडीगढ़ का एक्यूआइ रविवार सुबह 90 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। अब यह लगातार घटते क्रम में है।
रविवार को इसके 100 से नीचे आने का कारण यह भी है कि 90 फीसद कार्यालय छुट्टी की वजह से बंद रहते हैं। सड़कों पर भी ट्रैफिक का 20 फीसद ही निकलता है। इसलिए धुआं और धूल नहीं बढ़ती। साथ ही अब पंजाब और हरियाणा में धान सीजन अंतिम चरण में है। पराली अब जितनी जलानी थी जलाई जा चुकी है। गेहूं की बिजाई हो रही है।
पराली जलनी बंद होते ही हवा पर इसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। हवा साफ हो रही है। जैसे जैसे पराली जलने की घटनाएं दिनों दिन कम होती चली गई प्रदूषण का स्तर नीचे आता चला गया। एयर क्वालिटी लेवल में सुधार होता चला गया।
सबसे अच्छी बात यह है कि यह अपने आप कम हो रहा है। पहले होता यह था कि जब तक बारिश नहीं होती थी प्रदूषण का गुब्बार बना रहता था। बारिश की बूंदों के बाद ही यह कम होता था। लेकिन इस बार यह अपने आप ही अब साफ हो रहा है। एक्यूआइ लगातार बेहतर हो रहा है। 500 के आस-पास पहुंचकर यह 90 तक आ चुका है। इसके अभी और कम होने की संभावना है।
सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं आस-पास के शहरों में भी यह लगातार कम हो रहा है। पंचकूला का एक्यूआइ रविवार सुबह 65 दर्ज किया गया। अमृतसर का 194, जालंधर का 238, लुधियाना 198, अंबाला 92, कुरुक्षेत्र 158, करनाल 143, नई दिल्ली 293, फरीदाबाद 267, गुरुग्राम 283 दर्ज किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।