विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP की दूसरी लिस्ट के लिए कवायद तेज, 6 मंत्रियों को मिल सकता है टिकट

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:30 AM (IST)

आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची 15 नवंबर के बाद जारी करने की तैयारी में है।

पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)

पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. AAP पंजाब चुनाव 2027 की दूसरी सूची जल्द होगी जारी

  2. अन्य दलों से आए हलका इंचार्जों को टिकट देने पर विचार

  3. छह मंत्रियों को टिकट मिलने की संभावना, जीतने की क्षमता मुख्य

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची 15 नवंबर के बाद जारी करने की योजना पर काम कर रही है। पार्टी के अंदर दूसरी सूची को लेकर लगातार कवायद चल रही है और बहुत से विधायक व नेता बीते छह-सात दिनों के दौरान दीपावली के बहाने दिल्ली के चक्कर भी लगा आए हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि दूसरी सूची में सबसे ज्यादा मंथन उन नेताओं पर हो रहा है, जो दूसरी पार्टियों से आप में शामिल हुए थे और उन्हें हलका इंचार्ज की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। अब इन्हें ही टिकट देने की तैयारी चल रही है।

पार्टी का मानना है कि हलका इंचार्ज के तौर पर काम कर चुके नेताओं को मैदान में उतारने से संगठन को फायदा होगा, क्योंकि वे अपने-अपने इलाकों में सक्रिय रहे हैं। इनमें कुच्छेक ऐसे विधानसभा क्षेत्रों के भी हैं, जहां पार्टी का अपना ही विधायक है, लेकिन उसे टिकट दिए जाने की संभावना नहीं है।

छह मंत्रियों के नाम हो सकते हैं शामिल

इसके साथ ही आने वाली दूसरी सूची में 6 मंत्रियों के नाम भी शामिल किए जाएंगे और संभावना जताई गई है कि दो मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों में बदलाव करने पर भी विचार किया जा रहा है ताकि इलाकावार बैलेंस बनाया जा सके।

पार्टी द्वारा जारी की गई पहली सूची में शामिल 40 विधायकों में से तकरीबन 25 मालवा इलाके से ही थे और संभावना है कि दूसरी सूची में भी मालवा क्षेत्र के उम्मीदवारों का ही आंकड़ा दोआबा व माझा के मुकाबले ज्यादा रहेगा।

पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक 15 से 17 नवंबर के बीच होने की संभावना बताई गई है। इस बैठक में ही शीर्ष नेतृत्व की सलाह के मुताबिक दूसरी सूची को अंतिम रूप देकर जारी किया जाएगा।

चुनावी मैदान में उतरेगा फोकस

बताया जा रहा है कि पहली सूची में पार्टी ने जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे, उन पर प्रचार अभियान शुरू हो चुका है। दूसरी सूची के बाद पार्टी का पूरा फोकस चुनावी मैदान में उतरने पर होगा।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि टिकट का फैसला सिर्फ जीतने की क्षमता के आधार पर होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी विधायक या मंत्री को टिकट की गारंटी नहीं है। जो नेता जनता के बीच नहीं रहे, उनका टिकट कटना तय है।

यह भी पढ़ें- कृषि मंत्री गुरमीत खुड्डियां ने परविंदर झोटा के परिवार से की मुलाकात, बोले- इंसाफ दिलाने के लिए पंजाब सरकार गंभीर

यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में पुरानी रंजिश को लेकर तेजधार हथियारों से व्यक्ति का कत्ल, परिजनों ने सरपंच के पति पर लगाए गंभीर आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।