पति-पत्नी और एक राहगीर भिड़े, मामला पालतू कुत्तेे के घूरने का या छेड़छाड़ का, पुलिस कर रही जांच
चंडीगढ़ के सेक्टर-56 में कुत्ते को घूरने पर विवाद हो गया। राजविंदर चंद नामक व्यक्ति ने एक महिला को पालतू कुत्ते के साथ देखा और उसे सावधान रहने को कहा जिसके बाद बहस हुई। महिला और उसके पति ने मिलकर राजविंदर को पीटा जबकि महिला ने राजविंदर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-56 में पति-पत्नी और एक व्यक्ति में जमकर मारपीट हुई। मामला पालतू कुत्ते के घुरने पर हुए विवाद का है या छेड़छाड़ का, पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, मारपीट में घायल हुए 42 वर्षीय राजविंदर चंद का पीजीआई में इलाज चल रहा है। उनका कहना है कि महिला अपने पालतू कुत्ते को लेकर जा रही थी। कुत्ते को घूरते देख उन्होंने महिला से सावधान रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। थोड़ी दूर जाने पर महिला के पति ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
पति-पत्नी दोनों ने मिलकर उन्हें पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। दूसरी ओर, महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह रोजाना की तरह अपने कुत्ते को घुमाने निकली थी। तभी राजविंदर ने उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की, अश्लील हरकतें की और अभद्र टिप्पणियां की। तुरंत 100 नंबर मिलाया, लेकिन काॅल नहीं लगी। इसके बाद उसने अपने पति को बुलाया।
महिला का आरोप है कि आरोपित ने उसे धमकाया और कहा वह सबको जानता है, जो करना है कर लो। इसके बाद आरोपित वहां से भागने लगा, लेकिन उसके पति ने उसे रोक लिया। तभी राजविंदर ने उसके पति पर हमला कर दिया। पति को भी गंभीर चोटें आईं, जिनमें बाएं हाथ का अंगूठा फ्रैक्चर होना शामिल है।
सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अस्पताल पहुंचाया गया। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों की जांच की। इसके बाद पति, पत्नी और राजविंदर चंद के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत क्रास एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।