पंजाब में मौत की कीमत 9 लाख? मोहाली में तेज रफ्तार कार ने 65 वर्षीय शख्स को उड़ाया, पुलिस ने करवाया समझौता
नयागांव में मुल्लापुर के पास एयरफोर्स स्टेशन पर तेज़ रफ़्तार कार ने एक बुज़ुर्ग को टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जोग सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने की जगह 9 लाख रुपये में समझौता करा दिया। कार में सवार लड़के-लड़कियों को स्थानीय लोगों ने घेर लिया था। कार में बीयर की बोतलें मिलीं।

संवाद सहयोगी, नयागांव। मुल्लापुर में एयरफोर्स स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को उड़ा दिया। कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान जोग सिंह उर्फ रोडू निवासी होशियार के रूप में हुई है।
पुलिस ने केस दर्ज करने की बजाय 9 लाख रुपये में समझौता करवा दिया। कार में दो लड़के और दो लड़कियां थी। कार में बीयर की बोतले और अन्य आपत्तिजनक सामान भी मिला है।
तेज रफ्तार कार से बुजुर्ग के एक्सीडेंट के बाद स्थानीय लोगों ने कार में बैठे लड़के और लड़कियों को घेर लिया। कार सवार लड़के और लड़कियों को थाने ले जाया गया। जहां समझौते के बाद घर भेज दिया। कार लड़की चला रही थी।
सूत्रों के अनुसार कार चलने वाली लड़की एक बड़े कारोबारी की बेटी है, जिनका दक्षिणी अफ्रीका में बड़ा काम है। दूसरी लड़की हरियाणा न्यायिक सेवा से जुड़े एक बड़े व्यक्ति की बेटी है। कार सवार दो लड़कों में चंडीगढ़ सेक्टर 33 निवासी गुरनूर रंधावा और एक अन्य शामिल है।
यह सभी चंडीगढ़ के एक सारंगपुर स्थित प्रतिष्ठित मैनेजमेंट कॉलेज के स्टूडेंट है। कार में यह मस्ती के लिए निकले थे। गाड़ी में शराब की बोतल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी मिला है। गाड़ी में ड्रग्स की बात भी की जा रही है, लेकिन पुलिस इससे इनकार कर रही है।
पुलिस ने करवा दिया समझौता
कार एक्सीडेंट में मरे 65 साल के जोग सिंह की तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। इसके बावजूद पुलिस ने नौ लाख रुपये में समझौता करवा दिया। यहां तक कि कार सवार लड़कों और लड़कियों का मेडिकल तक नहीं करवाया जबकि गाड़ी में बीयर ओर शराब की बोतलें मिली है।
बेटे रमेश सिंह और मृतक की बेटियों की तरफ से एफिडेविट दाखिल किया गया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि वह किसी पर कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए खरड़ अस्पताल में रखवा दिया है। सुबह पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।-अमनदीप सिंह तिरखा थाना प्रभारी मुल्लापुर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।