अवैध संबंध के शक में युवक को दी यातनाएं, मौत हो गई तो नाले में फेंका
एक युवक को कुछ लाेगों ने अवैध संबंध के शक में अगवा कर लिया और फिर पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी।
जेएनएन, बठिंडा। पुलिस ने करीब 18 दिन पहले हुई एक युवक की हत्या का मामला सुलझा लिया है। उसको एक युवती से अवैध संबंध के शक में कुछ लाेगों ने अगवा कर लिया अौर दिल दहला देने वाली यातना दी। इससे उसकी मौत हो गई। थाना नंदगढ़ की पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत आठ लोगों पर अपहरण व हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है। अवैध संबंधों के शक में आरोपितों ने युवक को उसी की बेल्ट के साथ बांधकर इतना पीटा कि मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने हत्या के बाद शव को नंदगढ़ के सूए (नाले) में फेंक दिया था।
पुलिस ने बताया कि 15 फरवरी को सूए में एक युवक शव मिला था। उसकी छाती व जांघों पर मारपीट के निशान थे। अगले दिन बीड़ तालाब इलाके से बेटे समेत आई महिला ने शव की पहचान अपने पति जसविंदर सिंह उर्फ फौजी के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बठिंडा के परस राम नगर निवासी एक महिला की पुत्रवधू अचानक गायब हो गई थी।
यह भी पढ़ें: बच्चे ने मां को प्रेमी संग गलत हालत में देख लिया, फिर दोनों ने कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, महिला को पता चला कि उसकी पुत्रवधु पम्मी नाम की महिला के पास है। पम्मी के पास ही फौजी का आना-जाना था। बताया जाता है कि वहां महिला की पुत्रवधु उसके संपर्क में आ गई। इस बात का पता चलने पर 14 फरवरी को महिला ने अपने साथियों की मदद से पम्मी को उठाया और उसे अपने घर लाकर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की।
पम्मी ने महिला को बताया कि उसकी पुत्रवधु फौजी के पास है। इस पर आरोपितोंं ने फौजी को उठा लिया और घर लाकर उसे पम्मी के साथ बांध दिया। इसके बाद उन्होंने दाेनों के साथ अमानवीय ढंग से दोनों के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान फौजी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपितों ने उसके शव को बोलेरो गाड़ी में डालकर नंदगढ़ स्थित सूए में फेंक दिया।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की निहारिका शर्मा बनीं मिस चंडीगढ़
सब इंस्पेक्टर परविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जसविंदर सिंह की बहन नछतर नगर निवासी गुरविंदर कौर की शिकायत पर परस राम नगर निवासी महिला, जगदीपसिंह, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर, राजा सिंह, मुक्तसर के गांव काऊणी निवासी विकास कुमार सहित आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।