बच्चे ने मां को प्रेमी संग गलत हालत में देख लिया, तो दोनों ने कर दी हत्या
एक महिला का एक युवक से अवैध संबंध था। वह युवक के साथ गलत हालत में थी तो उसके चार साल के बेटे ने देख लिया। इस पर महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर बच्चे की हत्या कर दी।
जेएनएन, कपूरथला। अवैध संबंध में अंधी बनी मां ने प्रेमी संग मिलकर अपने चार साल के बेटे की हत्या कर दी। बच्चे ने मां को उसके प्रेमी के साथ गलत हालत में देख लिया था और उसने इस बारे में पिता को बता दिया। इससे गुस्साई महिला और उसके प्रेमी ने बच्चे की हत्या कर दी। तलवंडी चौधरियां थाना पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी संदीप शर्मा ने बताया कि 2 मार्च को थाना तलवंडी चौधरियां के एसएचओ जरनैल सिंह को सूचना मिली थी कि गांव तलवंडी चौधरियां में एक चार साल के बच्चे की मौत हो गई है। बच्चे की मां ने बताया कि बेड से गिरने से उसकी मौत हुई है, लेकिन जांच में उसकी हत्या किए जाने का पता चला।
पुलिस के अनुसार, गांव का बलविंदर सिंह गुजरात के सूरत में काम करता था और करीब 4-5 महीने के बाद घर आता था। घर में उसकी पत्नी रजवंत कौर, बेटी जसलीन कौर व चार साल का बेटा मनबीर सिंह रहता था। पति की गैर मौजूदगी में रजवंत कौर का उसी गली में रहने वाले गौतम नामक युवक के साथ अवैध संबंध स्थापित हा गया। गौतम अक्सर रजवंत कौर के घर आता-जाता लगा।
इस संबंध में मनबीर ने अपने पिता बलविंदर को घर आने पर बता दिया। इस पर पति और पत्नी में विवाद भी हुआ। इस कारण रजवंत कौर में मन में बेटे मनबीर के प्रति गुस्सा बढ़ गया। बलविंदर के काम पर सूरत जाने के बाद रजवंत कौर व गौतम दोबारा मिलने लगे। मनबीर ने एक दिन अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ गलत हालत में देख लिया। उसने अपनी मां से कहा कि वह इस बारे में पिता बलविंदर को बता देगा।
इसके बाद महिला और उसके प्रेमी ने अपने प्यार में बच्चे को रुकावट समझ कर उसकी हत्या कर दी। बच्चे की मौत के बाद रजवंत कौर ने शोर मचा दिया कि मनबीर बेड से गिर गया अौर उसकी जान चली गई। परिजनों ने पिता के सूरत से आने के इंतजार में बच्चे का शव गांव खीरावाली के मोर्चरी में रखवा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तलवंडी चौधरियों के एसएचओ जरनैल सिंह ने मामला दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया तो बच्चे की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। अपने गुनाह का खुलासा होने के बाद रजवंत कौर व उसका प्रेमी गौतम गांव से फरार होने लगे, लेकिन पुलिस ने शालापुर गांव के नजदीक दाेनाें को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से एक कपड़ों से भरा बैग बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, रजवंत कौर व गौतम ने बताया कि वह भागकर उत्तर प्रदेश रहना चाहते थे। वह करीब दो वर्ष से एक-दूसरे के साथ प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे। बलविंदर कुछ दिनों में घर आने वाला था। इस बीच मनबीर सिंह उन्हें गलत हालत में देख लिया और कहा कि पापा के आने पर उन्हें सब कुछ बता दूंगा। इसके डर से उन दोनों ने मिल कर मनबीर की हत्या कर दी।