बठिंडा में हाथ से उखड़ी सड़क की वीडियो को मंत्री ने बताया फर्जी, बोले- खामी मिली तो ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने सड़क को हाथों से टूटते दिखाने वाले वीडियो को फर्जी बताया। उन्होंने कहा, गुणवत्ता में खामी मिली तो ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई होगी।

सड़क की जांच करते हुए मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ।
HighLights
मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बठिंडा सड़कों का निरीक्षण किया।
वायरल सड़क वीडियो को फर्जी करार दिया गया।
गुणवत्ता में कमी पर ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने रविवार को जिले में निर्माणाधीन और हाल में बनी सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माईसरखाना से तित्तरसर साहिब और कोटभारा से रामगढ़ भूंदड़ तक बनी सड़क का जायजा लिया। इंटरनेट मीडिया पर सड़क को हाथों से टूटते दिखाने वाली प्रसारित वीडियो को मंत्री ने फर्जी बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल सरकार के खिलाफ लोगों को गुमराह करने के लिए भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में प्रदेश में करीब 45 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण और नवीनीकरण का काम चल रहा है।
इसमें ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क सड़कों को बेहतर बनाने और उन्हें उन्नत करने का काम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में जनता से प्राप्त कर के एक-एक पैसे का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- ड्रोन से गिराई गई हथियारों की खेप बरामद, अमृतसर से 2 तस्कर गिरफ्तार; विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे
सड़क का नमूना लेकर जांच
कोटभारा से रामगढ़ भूंदड़ तक बनी नई सड़क के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण केंद्र पटियाला की टीम ने सड़क का नमूना लिया। मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सड़क निर्धारित मानकों के अनुसार बनी हुई पाई गई है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि विस्तृत जांच में गुणवत्ता संबंधी कोई कमी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- जालंधर हाइट्स से गिरकर 21 वर्षीय छात्रा की मौत, पुलिस जांच में जुटी; मानसिक परेशान थी
हरसिमरत और बिक्रम को दी चुनौती
हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि बठिंडा की एक सड़क को लेकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में उन्होंने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर सांसद हरसिमरत कौर बादल और बिक्रम मजीठिया को मौके पर आने की चुनौती दी थी। उन्होंने दावा किया कि रविवार को सड़क के निरीक्षण के दौरान दोनों में से कोई भी मौके पर मौजूद नहीं था।
मंत्री ने आरोप लगाया कि विरोधी दलों के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए सड़क को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच मौके पर की गई है और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
प्रदेश के लोग जागरूक
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग अब जागरूक हैं और इस तरह के प्रचार से गुमराह नहीं होंगे। मंत्री ने दोहराया कि यदि किसी सड़क के निर्माण में खामी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मौड़ के उपमंडल अधिकारी गुरजिंदर सिंह, मुख्य अभियंता अनिल गुप्ता, निगरान अभियंता अनिल शर्मा, कार्यकारी अभियंता ओंकार सिंह सहित लोक निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मौड़ के विधायक सुखबीर सिंह माईसरखाना, नगर सुधार न्यास बठिंडा के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला और पंजाब मध्यम उद्योग विकास बोर्ड के चेयरमैन नील गर्ग भी उपस्थित रहे।
