विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन तक छुट्टी में भी खुले रहेंगे बठिंडा मंडल के 6 डाकघर; सुबह 9 से शाम 4:30 बजे तक मिलेंगी सेवाएं

Published: Fri, 14 Aug 2026 07:00 AM (IST)

रक्षाबंधन को देखते हुए बठिंडा मंडल के छह डाकघर 31 अगस्त तक रविवार और सरकारी छुट्टियों में भी खुले रहेंगे। यहां डाक, आधार और पार्सल सेवाएं मिलेंगी।

बठिंडा का सिटी डाकघर।

बठिंडा का सिटी डाकघर।

HighLights

  1. बठिंडा मंडल के 6 डाकघर छुट्टियों में भी खुले।

  2. रक्षाबंधन तक राखी, पार्सल भेजने की विशेष सुविधा।

  3. सुबह 9 से शाम 4:30 बजे तक मिलेंगी सेवाएं।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए डाक विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। बठिंडा मंडल के छह प्रमुख डाकघर 15 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार और सरकारी अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे। इस दौरान लोग राखी, पार्सल और अन्य जरूरी डाक सामग्री आसानी से भेज सकेंगे।

बठिंडा मंडल के अधीक्षक डाकघर महेश बिंदल ने बताया कि बठिंडा प्रधान डाकघर, बठिंडा सिटी उप डाकघर, मानसा उप डाकघर, रामपुरा फूल उप डाकघर, बुढलाडा उप डाकघर और रामा उप डाकघर निर्धारित अवधि में छुट्टियों के दिन भी आम लोगों के लिए खुले रहेंगे।

इन डाकघरों में सेवाओं का समय सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा। 

यह भी पढ़ें- बीमार मां से मिलने के लिए जगातार सिंह हवारा को मिलेगी पैरोल! पंजाब राज्यपाल ने गृह मंत्रालय को भेजी सिफारिश

राखी से लेकर पार्सल तक मिलेंगी सेवाएं

इस फैसले से नौकरीपेशा और अन्य व्यस्त लोगों को भी छुट्टी के दिन डाक विभाग की सेवाओं का लाभ उठाने की सुविधा मिलेगी। छुट्टी के दिनों में खुले रहने वाले इन डाकघरों में स्पीड पोस्ट, अंतरराष्ट्रीय डाक बुकिंग, पार्सल बुकिंग और पार्सल पैकिंग जैसी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही आधार नामांकन और आधार में सुधार जैसी सुविधाएं भी जारी रहेंगी। गंगाजल वितरण की सेवा भी लोगों को मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें- नांदेड़ घटना के बाद सुखबीर पर हरमंदिर साहिब हमले का मामला चर्चा में, जल्द होगी गवाहियां; HC में याचिका पेंडिंग

विभाग ने विशेष सुविधाएं भी शुरू कीं

रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग डाक के माध्यम से अपने भाई-बहनों को राखियां भेजते हैं। इसे देखते हुए विभाग ने विशेष जलरोधक लिफाफे और डिब्बे भी उपलब्ध करवाए हैं। बारिश के मौसम में इनसे राखियों और अन्य सामान को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

अधीक्षक डाकघर महेश बिंदल ने लोगों से अपील की कि वे त्योहार से पहले अपनी राखियां और पार्सल बुक कराएं। उन्होंने कहा कि विशेष व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को सुविधाजनक और समयबद्ध डाक सेवाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि त्योहार की खुशियां समय पर अपनों तक पहुंच सकें।

यह भी पढ़ें- सीटियां बजाईं, पगड़ी बांधी... नांदेड़ में पुलिस की गाड़ी रोककर सुखबीर बादल के हमलावर का लोगों ने किया सम्मान