बठिंडा में 56 दिन से लापता युवती को पुलिस ने किया बरामद, परिजनों ने बिना मेडिकल जांच करवाए अपनाने से किया इनकार
मानसा के माखा चहला गांव से लापता नाबालिग लड़की पुलिस ने बरामद कर ली है। परिजन मेडिकल जांच की मांग कर रहे हैं जबकि किसान 56 दिनों से थाने के बाहर धरना दे रहे हैं। किसान नेता पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। लड़की पटियाला से मिली पर रहस्य बरकरार है। पुलिस जांच के बाद लड़की को परिजनों को सौंपेगी।

संवाद सहयोगी, मानसा। माखा चहला गांव से करीब दो महीने पहले घर से पढ़ाई करने गई एक लापता नाबालिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लड़की को उसके माता-पिता को सौंपने की बात कह रही है। वहीं, लड़की को ढूंढने की मांग को लेकर 56 दिनों से जोगा थाने के सामने धरना दे रहे किसानों और ग्रामीणों ने बिना मेडिकल जांच के लड़की को ले जाने से इनकार कर दिया है।
उनका कहना है कि अगर पुलिस लड़की की मेडिकल जांच करवा ले, तो वे अपनी बेटी को घर ले जाएंगे ताकि उसके साथ हुए अत्याचार और उत्पीड़न का पता चल सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। इधर जोगा थाने के बाहर 56वें दिन भी किसानों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह भैणीबाघा ने बताया कि गांव माखा चहलां की नाबालिग लड़की 11 जुलाई से लापता थी, जिसे गांव मल्ल सिंह का एक युवक बरगला कर ले गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने लड़की के लापता होने पर कोई कार्रवाई नहीं की और विरोध जताने पर लड़की को ले जाने वाले लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अब पुलिस ने लापता लड़की को किसी शहर से बरामद कर लिया है, वह वहां कैसे गई, इसके पीछे क्या कहानी है, उसे कौन ले गया, ये सब बातें अभी रहस्य बनी हुई हैं।
पता चला है कि लापता लड़की ने पटियाला से किसी लड़के को फोन किया था, जिसकी सूचना के बाद लड़की को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस पटियाला से एक अन्य लड़की को भी पूछताछ के लिए मानसा लेकर आई है। किसान नेता महेंद्र सिंह भैणीबाघा ने बताया कि उस समय उन्हें और लड़की के परिजनों को लड़की को सौंपने के लिए बुलाया गया था, लेकिन पुलिस लड़की की मेडिकल जांच करवाने के पक्ष में नहीं थी।
उन्होंने कहा कि जब तक लड़की का मेडिकल टेस्ट नहीं हो जाता, तब तक उसके माता-पिता उसे घर नहीं ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल टेस्ट के बाद उसके साथ हुई धक्केशाही के संबंध में पहले से दर्ज मामले में धारा बढ़ोतरी हो सकती है। उधर, यह भी पता चला है कि पुलिस द्वारा अदालत में पेश किए जाने के बाद लड़की ने अपने माता-पिता के पास जाने की इच्छा जताई है।
इस अवसर पर राज सिंह अकलिया, जगजीत सिंह धलेवा, राजू सिंह अलीशेर, मनजीत कुमार पप्पी, रूप सिंह रल्ला, सतगुरु सिंह ज़ोगा, शिंदरपाल कौर, कुलविंदर कौर और मनजीत सिंह उल्लक मौजूद थे। डीएसपी बूटा सिंह गिल ने कहा कि लापता लड़की पुलिस को मिल गई है। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच और छानबीन करने के बाद उसे उसके माता-पिता के हवाले कर दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।