Punjab News: मानसा में कबूतर पकड़ने पर विवाद, 13 साल के बच्चे की हत्या कर पेड़ पर लटकाया शव
सरदूलगढ़ के गांव रोड़की में कबूतर पकड़ने के विवाद में एक 13 साल के लड़के राजा सिंह की हत्या कर दी गई। उसका शव पेड़ से लटका मिला। मृतक के पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। राजा कबूतरों का शौकीन था और कबड्डी का खिलाड़ी भी था। घटना से गांव में शोक है।

संवाद सहयोगी, सरदूलगढ़। कबूतर पकड़ने के विवाद में गांव रोड़की में 13 वर्षीय लड़के की हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है। मृतक का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटकाया गया था। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए हैं।
पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव रोड़की के निवासी लखविंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा राजा सिंह कबूतरों का शौकीन था और अक्सर गांव में कबूतर पकड़ने के लिए दौड़ता रहता था।
उन्होंने बताया कि पिछले दिन उनके पड़ोसी ने राजा पर कबूतर चोरी करने का आरोप लगाया था। लखविंदर ने कहा कि कबूतर मालिक पहले भी उनके बेटे को मारने की धमकी दे चुके थे। जब राजा सिंह उनके पास गया, तो उसकी हत्या कर दी गई।
लखविंदर ने बताया कि वे पूरी रात अपने बेटे की तलाश करते रहे और देर रात उन्हें बच्चे का शव मिला। राजा सिंह कबड्डी का खिलाड़ी था और ब्लाक कबड्डी खेलों में पुरस्कार भी जीत चुका था। वह अपने परिवार का बड़ा बेटा था और उसका एक छोटा भाई भी है।
थाना सरदूलगढ़ के इंचार्ज विक्रमजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर गांव के तीन लोगों त्रिलोचन सिंह, तेजा सिंह और काला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव को मौत के बाद पेड़ से लटकाया गया या नहीं।
पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। राजा सिंह के पिता मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद, देर शाम शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार किया गया। यह घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए एक दुखदायी घटना है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।