विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बठिंडा में जमीन विवाद के चलते फायरिंग, 4 लोग घायल; तीन के पैर में लगी गोली

Published: Mon, 03 Feb 2025 03:01 PM (IST)

पंजाब (Punjab News) के बठिंडा जिले में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में चार लोग ...और पढ़ें

बठिंडा में जमीन विवाद के चलते हुई फायरिंग।
बठिंडा में जमीन विवाद के चलते हुई फायरिंग।

HighLights

  1. पंजाब के बठिंडा में फायरिंग
  2. जमीन विवाद के चलते हुआ विवाद
  3. दो गुटों के चार लोग घायल

जागरण संवाददाता, बठिंडा। जिले में रविवार दोपहर को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।

घायल व्यक्तियों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

जमीन कब्जा करने को लेकर हुआ विवाद

रविवार को एक पक्ष ने उक्त जमीन पर कब्जा लेने की कोशिश की थी, जिससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया और आरोप लगाया कि पुलिस उनके विरोधी पक्ष के साथ मिलकर उनकी जमीन पर कब्जा करवा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी देहाती हीना गुप्ता और थाना सदर बठिंडा की पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और घायल पक्षों के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  रविवार दोपहर करीब तीन बजे अमरीक सिंह, गुरजीत सिंह और वरिंदर सिंह अपने खेतों पर बैठे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के गुरमीत सिंह और उनके आधा दर्जन साथियों ने हथियारों के बल पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। जब अमरीक सिंह, गुरजीत सिंह और वरिंदर सिंह ने उनका विरोध किया, तो इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर फायरिंग कर दी।

यह भी पढ़ें- अक्सर कमजोरों का उत्पीड़न करते हैं शक्तिशाली लोग, जमीन विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने क्यों की ये टिप्पणी?

पुलिस प्रशासन पर भी लगाया आरोप

इस हमले में गुरजीत सिंह, अमरीक सिंह और वरिंदर सिंह तीनों घायल हो गए। इन तीनों के पैर में गोली लगी हैं। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में इलाज करवा रहे अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस उनके जमीन पर जबरन कब्जा करवा रही है, जबकि मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिस कारण यह गोलीबारी की घटना हुई। अमरीक सिंह ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, गुरमीत सिंह ने आरोप लगाया कि अमरीक सिंह और उनके साथियों ने उन पर जानलेवा हमला किया और उन्हें घायल किया। वह भी सिविल अस्पताल में इलाज करा रहे थे। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

मौके पर पहुंची डीएसपी देहाती हीना गुप्ता ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो चुका था, और पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया था। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें- जमीन विवाद में कार्रवाई नहीं हुई तो किसान ने उठाया खतरनाक कदम! Mainpuri DM दफ्तर के बाहर किया आत्मदाह का प्रयास