बठिंडा के चार निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बच्चों को तुरंत घर भेजा गया; ईमेल के बाद जांच शुरू
बठिंडा के चार निजी स्कूलों को ईमेल से बम धमकी मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक टीमें सक्रिय हो ...और पढ़ें
HighLights
बठिंडा के चार निजी स्कूलों को मिली बम की धमकी।
ईमेल के बाद स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया, जांच जारी।
पुलिस, बम निरोधक दस्ता और साइबर सेल कर रहे जांच।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा में वीरवार सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब शहर के चार बड़े निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी भरा संदेश मिलते ही स्कूल प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डाग स्क्वायड और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा को देखते हुए सभी स्कूलों को तुरंत खाली करवाया गया और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। अचानक छुट्टी होने से अभिभावकों में भी डर और चिंता का माहौल देखने को मिला। कई अभिभावक खुद स्कूलों के बाहर पहुंच गए और बच्चों को अपने साथ घर ले गए।
जानकारी के अनुसार जिन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं उनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, दा मिलेनियम स्कूल, पुलिस पब्लिक स्कूल और लार्ड रामा पब्लिक स्कूल शामिल हैं। ईमेल में स्कूल परिसरों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना कोई जोखिम उठाए तुरंत प्रशासन को जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- मुक्तसर में नहर में कूदे बाप-बेटे की दूसरे दिन भी तलाश जारी, एनडीआरएफ ने संभाली कमान, अब तक नहीं मिला सुराग
पुलिस ने ली गहन तलाशी
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी-2 अर्जुन मुंडन पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने स्कूल परिसरों के हर हिस्से की गहन तलाशी ली। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
डीएसपी अर्जुन मुंडन ने बताया कि बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूल खाली करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल बम निरोधक टीमें जांच में जुटी हैं और ईमेल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से धमकी भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- नई एलबम रिलीज होते ही श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे मनकीरत औलख, फैंस से मिले और वाहेगुरु का जताया आभार
पहले भी आ चुकी स्कूलों को धमकी
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 23 अप्रैल को भी बठिंडा के तीन निजी स्कूलों और रेलवे स्टेशन को इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
लगातार दूसरी बार स्कूलों को निशाना बनाकर धमकी भरे ईमेल भेजे जाने से सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन सतर्क हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बच्चों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या फिर कोई संगठित साजिश रची जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर ट्रेल खंगाल रही है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में नामांकन विवाद ने पकड़ा तूल, SAD शहरी प्रधान की गिरफ्तारी पर भड़के कार्यकर्ता; शहर बंद, घेरा थाना
