मोगा: दिनदहाड़े घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला से झपटमारी, CCTV में कैद हुई वारदात
घर के बाहर बैठी 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कानों से दो बाइक सवार सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बालियों को उतारता हुआ स्नैचर।
HighLights
मोगा में 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े झपटमारी की घटना।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस जांच जारी।
एक आरोपी गिरफ्तार, एक बाली बरामद; दूसरे की तलाश तेज।
जागरण संवाददाता, मोगा। मोगा शहर में झपटमारी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब झपटमार घरों के बाहर बैठी बुजुर्ग महिलाओं को भी निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला मोगा के गुरु अर्जुन देव नगर का है, जहां घर के बाहर बैठी 82 वर्षीय महिला के कानों से मोटरसाइकिल सवार दो युवक बालियां झपटकर फरार हो गए। आरोपियों ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि बुजुर्ग महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हालांकि, पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि चार नवंबर को गुरु अर्जुन देव नगर निवासी 82 वर्षीय हरजीत कौर अपने घर के बाहर बैठी हुई थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे।
आरोपियों ने मौका देखते ही बुजुर्ग महिला के कानों में पहनी बालियां झपट लीं और मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें- अमृतसर से बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में राजपुरा के पास लगी आग, चार बोगियां जलीं; बचाव कार्य शुरू
परमिंदर सिंह गिरफ्तार, एक बाली बरामद
डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान परमिंदर सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से बुजुर्ग महिला से झपटी गई एक बाली भी बरामद की गई है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के बारे में होगी पूछताछ
डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे वारदात के संबंध में विस्तार से पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपियों ने मोगा शहर या आसपास के क्षेत्रों में झपटमारी और चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
यह भी पढ़ें- अमृतसर: ब्रिटिश मॉडल से दिनदहाड़े स्नैचिंग, बदमाशों ने छीना iPhone 17 Pro Max; इंस्टाग्राम पर बयां की आपबीती
बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
दिनदहाड़े घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर की गई इस वारदात से इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद झपटमार बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और झपटमारी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बुजुर्गों और महिलाओं को सुरक्षा का एहसास हो सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।