बरनाला की डॉ. प्रियंका शर्मा ने पंजाब का नाम किया रोशन, जीता मिसेज इंडिया बियॉन्ड प्रोफेशन 2025 का खिताब
बरनाला की डॉ. प्रियंका शर्मा ने मिसेज इंडिया बियॉन्ड प्रोफेशन 2025 का खिताब जीतकर पंजाब को गौरवान्वित किया। दून सेंटर की प्रबंध निदेशक डॉ. शर्मा ने पेशेवरता के साथ समाज सेवा में भी योगदान दिया है। आत्मविश्वास और प्रतिभा से उन्होंने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनकी यह जीत शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रेरणादायक है जिससे पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।

जागरण संवाददाता,बरनाला। पंजाब की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। बरनाला की सुप्रसिद्ध शिक्षा विशेषज्ञ और दून सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बरनाला की प्रबंध निदेशक डॉ. प्रियंका शर्मा ने गोवा में आयोजित मिसेज इंडिया इन्क्लेव के भव्य मंच पर मिसेज इंडिया बियॉन्ड प्रोफेशन 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
इस उपलब्धि न केवल बरनाला बल्कि पूरे पंजाब का नाम रोशन कर दिया है। डॉ. प्रियंका शर्मा का यह सफर आसान नहीं था। पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने समाज सेवा और शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए खुद को एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया। शिक्षा जगत में उनकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता पहले से ही चर्चा का विषय रही है। अब सौंदर्य और व्यक्तित्व मंच पर भी उनकी इस जीत ने उन्हें नई पहचान दिलाई है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता गोवा में बड़े ही शानदार तरीके से आयोजित हुई। मिसेज इंडिया इन्क्लेव के बैनर तले हुई इस प्रतियोगिता में देशभर की विवाहित महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य उन महिलाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने पेशेवर जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर समाज में अपनी पहचान बनाई है।
डॉ. प्रियंका शर्मा ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और सामाजिक कार्यों के अनुभव के बल पर निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। इसी वजह से उन्हें ''मिसेज इंडिया बियॉन्ड प्रोफैशन 2025'' का ताज पहनाया गया। निर्णायक मंडल के सदस्यों का कहना था कि डॉ. प्रियंका शर्मा ने अपनी प्रस्तुति के दौरान जिस तरह से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा पर विचार रखे, उसने उन्हें अन्य प्रतिभागियों से अलग और विशेष बना दिया।
उनके व्यक्तित्व से साफ झलकता है कि वह सिर्फ अपने पेशे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज की बेहतरी के लिए भी समर्पित हैं। बरनाला स्थित दून सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रबंध निदेशक के रूप में डॉ. प्रियंका शर्मा हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में नये आयाम स्थापित करती रही हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका रही है। इसके साथ ही वे समाज में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के अभियानों में भी सक्रिय रहती हैं।
उनके नेतृत्व में दून सैंटर ऑफ एक्सीलेंस ने कई बार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीते हैं। अब इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मंच पर मिली जीत ने उनके काम को और भी मजबूती प्रदान की है। बरनाला और आसपास के क्षेत्रों में डॉ. प्रियंका शर्मा की इस सफलता से खुशी की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय नागरिकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी है। उनका मानना है कि इस उपलब्धि से पंजाब की प्रतिभा और मेहनत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। बरनाला के लोगों ने कहा कि डॉ. प्रियंका शर्मा ने यह साबित कर दिया है कि अगर इच्छाशक्ति और मेहनत हो तो पेशेवर जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर भी महिलाएं अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
डॉ. प्रियंका शर्मा की इस जीत ने न केवल बरनाला बल्कि पूरे पंजाब की महिलाओं के लिए एक प्रेरक संदेश दिया है। उन्होंने यह साबित किया है कि शादीशुदा महिलाएं सिर्फ परिवार और पेशे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर वे अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।