पीट-पीट कर महिला को मार डाला, तरनतारन में क्रूरता की हद पार, वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान
तरनतारन के गांव वां तारा सिंह में मामूली विवाद के चलते एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बलविंदर कौर गुरुद्वारे जा रही थी तभी पड़ोसियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। थाना खालड़ा के गांव वां तारा सिंह में मामूली विवाद के चलते महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। बलविंदर कौर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रही थी। रास्ते में घेरकर उसे बुरी तरह से पीटा। थाना खालड़ा की पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले परिवार की दो महिलाओं समेत चार सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि सियासी दखल के चलते सभी आरोपित सरेआम घूम रहे हैं।
विस हलका खेमकरण के गांव वां तारा सिंह निवासी किसान हरपाल सिंह ने बताया कि उसके पड़ोसी सुखविंदर सिंह ने अपने घर से तूड़ी किसी को बेच दी। जब तूड़ी उठाने लगे तो तेज हवा के कारण हरपाल सिंह की धान की फसल पर गिरने लगी। हरपाल सिंह ने पड़ोसी किसान सुखविंदर सिंह को समझाने का प्रयास किया।
कुछ समय के बाद सुखविंदर सिंह अपनी मां मंजीत कौर, लड़के साजनप्रीत सिंह, लड़की नवप्रीत कौर समेत हरपाल सिंह के घर में दाखिल हुआ। सभी ने लाठियों से हरपाल सिंह, उसकी पत्नी सरबजीत कौर, 14 वर्षीय लड़के अजयपाल सिंह, 11 वर्षीय गुरमान सिंह को पीटा। ग्रामीणों ने दखल देकर मामला शांत करवा दिया।
सोमवार की शाम छह बजे हरपाल सिंह की मां बलविंदर कौर घर से गुरुद्वारा साहिब जा रही थी। सुखविंदर और उसके परिवार वालों ने बलविंदर कौर को रास्ते में रोक कर हमला कर दिया। लाठियों के कई वार लगने पर बलविंदर कौर गंभीर घायल हो गई। इलाज के लिए सिविल अस्पताल पट्टी में दाखिल करवाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना खालड़ा के प्रभारी रंजीत सिंह मौके पर पहुंचे। सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हरपाल सिंह ने अपनी मां बलविंदर कौर का यह कहते अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया कि अभी सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।