अमृतसर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी पति की हत्या, वारदात के बाद झाड़ियों में फेंका शव
अमृतसर में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। अवैध संबंध के चलते महिला और उसके प्रेमी ने तेजधार हथियारों से पति को मौत के घाट उतार दिया और शव को नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। थाना लोपोके के तहत आते गांव हेतमपुरा के जसपाल सिंह की पत्नी और उसके प्रेमी ने तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। आरोपितों ने शुक्रवार शाम कोहाली नहर के पास जाकर वारदात को अंजाम दिया। शव खुर्द बुर्द करने को आरोपितों ने झाड़ियों में फेंक दिया।
जांच में सामने आया है कि जसपाल सिंह की पत्नी अमनजीत कौर के कोहाली गांव निवासी अजय सिंह के साथ अवैध संबंध हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। लोपोके थाने के प्रभारी हिमांशु भगत ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
गांव हेतमपुरा निवासी जोबनजीत सिंह ने लोपोके थाने की पुलिस को बताया कि मां की मौत हो चुकी है। पिता जसपाल सिंह मजदूरी करते हैं। कुछ साल पहले उन्होंने अमनजीत कौर के साथ शादी कर ली थी। पिता को पता चला कि अमनजीत के अवैध संबंध पत्नी के पुराने जानकर अजय सिंह के साथ हैं।
पिता ने सौतेली मां को समझाने का कई बार प्रयास किया था, लेकिन आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी। इसे लेकर पिता का अजय सिंह के साथ झगड़ा भी हुआ था। पीड़ित ने बताया कि सौतेली मां और पिता ने शुक्रवार को उसे बताया था कि वह किसी काम से शहर जा रहे हैं। दोनों बाइक पर घर से निकले। दोनों रातभर नहीं लौटे।
इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने आज कोहाली नहर की झाड़ियों से पिता की लाश बरामद की। शव पर तेजधार हथियारों के कई निशान थे। आरोप है कि सौतेली मां ने आशिक अजय सिंह के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी और शव छुपाने के लिए यहां फेंक दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।