विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाकर पंजाब में करते थे सप्लाई, चार तस्करों को पुलिस ने दबोचा; पांच किलो हेरोइन बरामद

Published: Sat, 22 Feb 2025 01:09 PM (IST)

अमृतसर पुलिस ने हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से पांच किलो साठ ...और पढ़ें

गिरफ्तारल किए गए तस्करों के साथ पंजाब पुलिस के अधिकारी
गिरफ्तारल किए गए तस्करों के साथ पंजाब पुलिस के अधिकारी

HighLights

  1. पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए ड्रग्स मंगाकर पंजाब में करते थे सप्लाई
  2. सूचना के आधार पर पुलिस ने की नाकाबंदी, आरोपियों को किया काबू

जागरण संवाददाता, अमृतसर। थाना कैंटोनमेंट की पुलिस ने हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार किया। आरोपितों से पांच किलो साठ ग्राम हेरोइन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पाकिस्तान के नशा तस्करों से है संबंध

पुलिस कमिश्नर (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जांच में सामने आया है कि आरोपितों के पाकिस्तानी नशा तस्करों के साथ संबंध हैं।

पकड़े गए आरोपित हवाला के जरिये नशे की पेमेंट देश और विदेश में कर रहे हैं। आरोपितों की पहचान अमृतसर के बच्चीविंड निवासी गुरजंट सिंह, सीमावर्ती गांव राणियां निवासी जगजीत सिंह, तरनतारन जिले के गांव घरियाला निवासी साहिल कुमार, जिला फिरोजपुर के गांव गुरुहरसहाय में बस्तू दूने वाली निवासी रिंकू के रूप में हुई है।

पुलिस ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई

सीपी ने बताया कि आरोपित ड्रोन के मार्फत पाकिस्तान से यह हेरोइन की खेप मंगवाकर सुरक्षित ठिकाने लगाने का कारोबार कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपित शुक्रवार को हेरोइन की यह खेप ठिकाने लगाने जा रहे हैं। इस आधार पर नाकाबंदी कर पुलिस ने चारों को धर लिया।

पुलिस ने मसाज पार्लर में चल रहे जिस्मफरोशी का अड्डा पकड़ा 

वहीं एक दूसरी खबर में थाना अर्बन एस्टेट और स्पेशल सेल पटियाला पुलिस टीम ने थाना अर्बन एस्टेट स्थित मसाज और स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा जिस्मफरोशी का अड्डा पकड़ा है। आरोपित थाईलैंड से विदेशी लड़कियां मंगवाकर जिस्मफरोशी का धंधा चल रहे थे।

यह कार्रवाई पुलिस टीम ने बीती 20 फरवरी को की थी, जिसमें संचालक सहित 24 आरोपित लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 16 लड़कियां और आठ लड़के शामिल हैं। आरोपितों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करने के बाद अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड पर लिया है।

उक्त अड्डे से थाईलैंड समेत पटियाला, मोगा, सोनीपत, सहारनपुर और मुरादाबाद की महिलाएं शामिल थीं। गांव थेड़ी में एआरके और पंजाबी यूनिवर्सिटी के सामने सनशाइन स्पा सेंटर के नाम से यह सेंटर जतिंदर सिंह निवासी गांव अलीपुर और कर्मजीत सिंह निवासी सूलर के हैं।

थाना अर्बन एस्टेट के अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि आरोपितों से पूछताछ की जाएगी। इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि उक्त स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में जिस्मफरोशी का अड्डा पिछले करीब तीन महीने से चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित कर्मजीत सिंह निवासी जोकि गांव थेड़ी में एआरके नाम का स्पा सेंटर चलाता है और थाईलैंड से लड़कियां मंगवा जिस्मफरोशी करवाता है।